उज्जैन। इन दिनों यातायात पुलिस बिना अनुमति के वाहनों में हूटर लगाकर रौब झाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती नजर आ रही है। इस तरह के अभियान वैसे तो पहले भी कई बार चलाए गए, लेकिन इस बार यातायात पुलिस कुछ सख्त नजर आ रही है। यही कारण है कि चेकिंग के दौरान 27 वाहनों की जांच की गई, जिसमें से 5 कारों में अवैध रूप से लगे हूटर पाए गए और कड़ी कार्रवाई की गई है।
डीएसपी विक्रम सिंह ने बताया कि वाहनों पर कई लोग बिना आवश्यक पात्रता के हूटर लगाकर निकलते हैं, जिनकी शिकायत काफी समय से मिल रही थी। हमने अवैध रूप से हूटर लगाने वालों के खिलाफ एक सर्चिंग अभियान चलाया और इसमें प्रभावी कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि अवैध हूटर वाले वाहनों से 3,000 रुपये प्रति वाहन के हिसाब से कुल 15,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
डीएसपी ने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि सड़क पर अनुशासन और सुरक्षा बनी रहे। अभी हूटर लगे वाहनों पर कार्रवाई हो रही है, लेकिन जल्द ही फ्लैश लाइट और गलत नंबर प्लेट लगाकर घूमने वाले वाहनों पर भी अभियान चलाया जाएगा।


