मोबाइल नेटवर्क की समस्या के चलते शिक्षक पेड़ में चढ़कर लग रहे ई-अटेंडेंस, जान जोखिम में डालकर शिक्षको चढ़ना पड़ रहा पेड़ो पर

DR. SUMIT SENDRAM

आगर मालवा। जिले के बड़ौद विकासखंड में ई-अटेंडेंस दर्ज करने के लिए शिक्षकों को अपनी जान जोखिम में डालकर पेड़ों पर चढ़ना पड़ रहा है। मोबाइल नेटवर्क की गंभीर समस्या के कारण उन्हें प्रतिदिन इस परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिससे शासकीय विद्यालयों में उपस्थिति दर्ज करने में भारी दिक्कतें आ रही हैं।
शासन ने शिक्षकों की उपस्थिति के लिए ई-अटेंडेंस एप्प अनिवार्य किया है।
बड़ौद सहित आसपास के क्षेत्र पिपल्या हमीर, सुदवास सहित कई गांवों के विद्यालयों में मोबाइल नेटवर्क का अभाव है। जहां थोड़ा बहुत नेटवर्क मिलता भी है, वहां एप्प ठीक से काम नहीं करता।
शिक्षक सुबह विद्यालय पहुंचने के बाद घंटों नेटवर्क ढूंढने में लगे रहते हैं। कई बार उन्हें अपनी जान जोखिम में डालकर पेड़ों पर चढ़ना पड़ता है या ऊंचे स्थानों पर जाना पड़ता है, ताकि मोबाइल में सिग्नल मिल सके और वे अपनी उपस्थिति दर्ज कर सकें।
शिक्षकों ने बताया कि स्कूल परिसर में होने के बावजूद एप्प में लोकेशन कई सौ मीटर दूर दिखाता है। नेटवर्क न मिलने के कारण बार-बार प्रयास करने पड़ते हैं, और कभी-कभी तो अटेंडेंस दर्ज ही नहीं हो पाती, जिससे उन्हें विभागीय पोर्टल पर अनुपस्थित दिखा दिया जाता है।
इस समस्या से शिक्षकों का बहुमूल्य समय और ऊर्जा दोनों बर्बाद हो रहे हैं। वही, नेटवर्क ढूंढने में लगने वाले समय के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
शिक्षकों का मानना है कि शासन के डिजिटल प्रयास सराहनीय हैं, लेकिन ग्रामीण अंचलों में नेटवर्क समस्या एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय क्षेत्रों में मोबाइल टॉवर या सिग्नल बूस्टर लगाए जाएं, ताकि शिक्षकों और छात्रों दोनों को राहत मिल सके।
बड़ौद विकासखंड शिक्षा अधिकारी मंगलेश सोनी ने बताया कि स्कूलों में नेटवर्क नहीं मिलने की समस्या भोपाल के उच्चाधिकारियों को बता दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस समस्या का समाधान कराया जाएगा, ताकि शिक्षकों को ई-अटेंडेंस करने में परेशानी न हो।

 

Next Post

शुभ मोटर से लाखों की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी बानो बेगम की जमानत हाईकोर्ट ने की खारिज

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के बहुचर्चित हाई प्रोफाइल धोखाधड़ी के मामले में जबलपुर हाईकोर्ट ने मुख्य आरोपी बानो बेगम निवासी गुजराती कॉलोनी, संजीवनी नगर जबलपुर को जमानत देने से इंकार कर दिया। मामले में न्यायमूर्ति एके पालीवाल ने कहा कि अपराध की प्रकृति और बैंक ट्रांजैक्शन को देखते हुए जमानत का […]