गोटेगाँव के कैलाश धाम आश्रम में लूट, संत तेजगिरी मौनी महाराज पर हुआ जानलेवा हमला

DR. SUMIT SENDRAM

नरसिंहपुर। जिले के गोटेगांव विधानसभा क्षेत्र के सहजपुरा स्थित कैलाश धाम आश्रम में शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे लूट और सनसनीखेज मारपीट की वारदात हुई।
संत तेजगिरी मौनी महाराज और उनके साथ दानपेटी की गिनती कर रहे पांच-छह ग्रामीणों को मुंह पर गमछा बांधे बदमाशों ने लाठी और राड से बुरी तरह पीटा और दानपेटी में रखा सारा पैसा लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक रात लगभग 11 बजे मौनी महाराज कुछ ग्रामीणों के साथ मिलकर आश्रम परिसर में दानपेटी के पैसों की गिनती कर रहे थे। उसी समय आधा दर्जन से अधिक अज्ञात बदमाश आश्रम में घुस आए। बदमाशों ने आते ही मौनी महाराज सहित अन्य लोगों के साथ जबरदस्त मारपीट की और उन्हें धमकाया। मारपीट के बाद वे जबरन दानपेटी में रखी नगदी लूटकर मौके से भाग निकले।
इस हमले में घायल हुए संत तेजगिरी महाराज का इलाज जिला अस्पताल नरसिंहपुर में जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कैलाश धाम आश्रम में लूटपाट की यह दूसरी बड़ी घटना है।
उन्होंने पिछली वारदात का जिक्र करते हुए बताया कि पूर्व में भी अज्ञात बदमाशों ने मौनी महाराज से सोने-चांदी के जेवर सहित लगभग पांच हजार रुपये नगद छीन लिए थे।
एक ही धार्मिक स्थल पर बार-बार ऐसी घटनाएं होने से क्षेत्र की कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वारदात के बाद पीड़ित मौनी महाराज सहित आक्रोशित क्षेत्रीय ग्रामीणो ने तत्काल पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस को घटना की लिखित शिकायत दी है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने, उनके खिलाफ उचित तथा कड़ी कार्रवाई करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।
गोटेगाँव पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Next Post

ग्वालियर में 1040 किलो मावा किया गया जब्त, जब्त मावे की कीमत ढाई लाख रुपए से अधिक

ग्वालियर। जिले के सिरोल तिराहा पर दो ऑटो में लदा 1040 किलोग्राम मावा जब्त किया गया है। प्रारंभिक जांच में मावे में अन्य फैट की मिलावट पाई गई है, जिसके बाद 26 डलियों में रखे कुल 2 लाख 58 हजार 250 रुपये कीमत के मावे को जब्त कर लिया गया। […]