भोपाल। वाराणसी से उड़ान भरकर मुंबई जा रही अकासा एयरलाइंस के यात्री विमान में अचानक एक यात्री की तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद विमान की भोपाल में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। तत्काल अस्पताल में भर्ती करने के बावजूद यात्री की जान नहीं बच सकी।
जानकारी के मुताबिक अकासा एयरलाइंस का एक विमान वाराणसी से मुम्बई जा रहा था। आसमान की ऊचाई पर अचानक एक बुजुर्ग यात्री की तबीयत बिगड़ गई। यात्री को विमान में ही प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद विमान को राजा भोज एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई।
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद बुजुर्ग यात्री को विमान से उतारा गया। सुबह करीब 11:30 बजे यात्री को एंबुलेंस से हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन यात्री की जान नहीं बचाई जा सकी। बताया जाता है कि यात्री की तबीयत बहुत खराब थी। एयरपोर्ट डायरेक्टर राम जी अवस्थी ने इस घटना की पुुष्टि की है।


