सिंगरौली। मेला घूम के घर वापस आ रही 19 वर्षीय युवती को बंधक बनाकर गैंग रेप किया गया। 6 युवकों ने युवती और उसके दोस्त को रास्ते में बंधक बनाया लिया। फिर लड़की को घसीटकर जंगल में ले गए। यहां दो युवकों ने दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना जियावान थाना क्षेत्र की है।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि रविवार को युवती अपने दोस्त के साथ मेले में गई थी। इसके बाद रात में दोनों लौट रहे थे। इस दौरान रास्ता सुनसान था। यहीं 6 लड़कों ने दोनों को घेर लिया।
पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि 4 बदमाशों ने उसके दोस्त से मारपीट की और बंधक बना लिया। बाद में दो लड़कों ने गैंग रेप किया।
पीड़िता के पिता ने बताया कि बेटी मेले से शाम 7-8 बजे तक घर लौटने वाली थी। जब वह नहीं लौटी तो परिवार ने उसे आसपास ढूंढने की कोशिश की। सोमवार सुबह करीब 5-6 बजे वह बदहवास हालत में घर लौटी। उसने परिवार को आपबीती बताई।
जिसके बाद सोमवार को पीड़िता अपने परिवार के साथ जियावान थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच की जा रही है।
लड़की जिस दोस्त के साथ में मेला देखने गई थी, वह घटना के बाद से गायब है। पुलिस भी उसे तलाश कर रही है। युवक-युवती एक ही गांव के हैं। वहीं, इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों को लेकर पुलिस कोई जानकारी साझा नहीं कर रही है। हालांकि सूत्रों से पता चला है कि 4 आरोपी नाबालिग हैं और दो बालिग हैं।

