भोपाल। राजाभोज एयरपोर्ट पर पहुंचने वाले यात्रियों को अब ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफ्रिब्रिलेटर (एईडी) सेवा का लाभ मिलेगा।
एईडी मशीन की सहायता से अचानक हार्ट अटैक आने पर यात्रियों को तत्काल चिकित्सीय लाभ मिलता है। समय पर उपचार मिलने से मरीज की जान बचाया जा सकता है।
एयरपोर्ट अथारिटी ने इमरजेंसी मेडीकल सेवा सुविधा योजना के तहत एयरपोर्ट पर चार स्थानों पर इस मशीन को लगाया है।
सिक्युरिटी एरिया, अराइवल, डिपार्चर एवं एयरोब्रिज के पास यह मशीन लगाई गई हैं।
विमान में सवार किसी यात्री को यदि सीने में दर्द की शिकायत होती है तो उसे विमान से उतरते ही एयरोब्रिज के पास ही मशीन की मदद से प्राथमिक उपचार मिले जाएगा। इससे हार्ट अटैक को रोका जा सकेगा।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने एईडी सेवा का शुभारंभ किया।
इस मौके पर एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी एवं विमानतल सुरक्षा प्रभारी मानसिंह मौजूद रहे।
मशीन से प्राथमिक उपचार कैसे होगा, इसका प्रदर्शन भी किया गया।
स्वचलित बाह्य डिफिब्रिलेटर एक पोर्टेबल इलेक्ट्रानिक उपकरण है जो हृदय की धड़कन को सामान्य करने के लिए बिजली के झटके देता है। अचानक हृदय गति रुकने की स्थिति में तुरंत इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे मस्तिष्क और अन्य महत्वपूर्ण अंगों को गंभीर क्षति होने से बचाया जा सकता है।
प्रशिक्षित चिकित्सक नहीं होने पर भी एईडी का उपयोग किया जा सकता है।
एईडी व्यक्ति को झटका नहीं देगा, जब तक कि उसकी आवश्यकता न हो। डिवाइस स्पष्ट और सरल निर्देश प्रदान करता है, जिसका पालन करके कोई भी व्यक्ति आपात स्थिति में मदद कर सकता है।


