जबलपुर। मदन महल रेलवे स्टेशन में चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से एक युवती फ्लेटफॉर्म से नीचे गिर पड़ी। जिससे वह घायल हो गई। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा जबलपुर के मदन महल स्टेशन पर शुक्रवार को हुआ। जिसका वीडियो रविवार को सामने आया।
वीडियो में दिख रहा है कि मदन महल स्टेशन पर श्रीधाम एक्सप्रेस ट्रेन तय समय पर चलने लगती है। इसी दौरान एक युवती दौड़कर आई और चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने लगी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया। वह चींखने लगी।
वहां खड़े लोगों ने लड़की को बचाने की कोशिश की। लेकिन वो प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गैप से नीचे जा गिरी। बाद में ट्रेन में सवार लोगों ने चेन खींचकर ट्रेन रुकवाई।
जीआरपी थाना प्रभारी बलराम यादव ने बताया कि कटनी की रहने वाली काजल दुबे जबलपुर आई थी। उसे किसी काम से भोपाल जाना था। ट्रेन पकड़ने के लिए वो मदनमहल स्टेशन पहुंची थी। जब वो प्लेटफॉर्म पर पहुंची, तो देखा कि ट्रेन चल चुकी है। उसने दौड़कर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, तभी हादसा हो गया। उसके हाथ-पैर में चोट आई है।


