विदिशा। जिले के नटेरन थानांतर्गत कागपुर और दास खजूरी के बीच हिट एंड रन का केस सामने आया है।
यहां मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें ग्राम खेराई निवासी दो लोगों की मौत हो गई, वहीं एक गंभीर घायल है।
मृतक मोटरसाइकिल से ग्राम कोलिंजा से खेराई जा रहे थे, उसी समय एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी और वहां से फरार हो गया।
नटेरन थाना प्रभारी ने बताया कि मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे, जिसमें से रिंकू अहिरवार, प्राण सिंह अहिरवार और रिंकू की मां कृष्णबाई कोलिंजा से अपने गांव खेराइ जा रहे थे। तभी सुबह करीब 6 से 7 के बीच ताज खजूरी के पास मोड़ पर एक अज्ञात वाहन उन्हें टक्कर मारता हुआ चला गया। सभी घायलों को पहले नटेरन अस्पताल ले जाया गया जहां पर रिंकू और प्राण सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं रिंकू की मां कृष्णा बाई को घायल अवस्था में विदिशा रेफर किया है। टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं चल सका है, हादसे की वजह सुबह का कोहरा भी माना जा रहा है।
नटेरन पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नटेरन के अस्पताल में भिजवा दिया है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

