भोपाल। राजधानी स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यलय में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुधनी एवं विजयपुर में संपन्न हुए उपचुनाव को लेकर कहा कि बुधनी और विजयपुर दोनों उपचुनाव में हमने लगभग 100 शिकायतें निर्वाचन आयोग से की। लेकिन, निर्वाचन आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की। हमने आशंका जताई थी कि गुंडे, बदमाश और डकैत चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं। शिकायत भी की। लेकिन प्रशासन ने सीमाएं सील नहीं की और गुंडों ने आदिवासियों, दलितों को पीटा और गोलियां चलाई।
इसके साथ ही उन्होंने विजयपुर के 37 बूथों पर फिर से मतदान कराने की मांग भी की है।
जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने निर्णय लिया है कि पूरे प्रदेश में इस दलित विरोधी बीजेपी के खिलाफ प्रदेश व्यापी आंदोलन किया जाएगा। भाजपा बाबा साहब अंबेडकर, लोकतंत्र और मताधिकार की विरोधी है।
पीसीसी चीफ ने आगे कहा कि हमने विजयपुर में लगभग 37 पोलिंग बूथों पर फिर से मतदान कराने की मांग की है। स्क्रूटनी में हमने आवेदन दे दिया। हम प्रदेश निर्वाचन आयोग को भी री-पोलिंग को लेकर पत्र भेज रहे हैं। विजयपुर में कांग्रेस पार्टी को 50000 वोटों से जीतने की संभावना थी। अभी भी 25000 से ऊपर जीतेंगे। लेकिन प्रशासन ने कैसे वोटिंग करवाई। वहां पर बूथों पर कब्जा कर लिया। सेक्टर मजिस्ट्रेट को मारा गया। कर्मचारियों का उपयोग करके पुलिस अधिकारी वोट डलवा रहे हैं। मजिस्ट्रेट पर हमला कर रहे हैं और पुलिस मौन बैठी है। निर्वाचन आयोग के रुख की भी हम निंदा करते हैं। निर्वाचन कार्यालय ने बीजेपी को सपोर्ट करने की क्लियर कट पॉलिसी बना रखी थी।
जीतू पटवारी ने कहा कि हमने सौ शिकायतें की। उसमें विजयपुर विधानसभा में जाति विशेष के लोगों को बीएलओ बनाने की पहली शिकायत की थी। फिर अति संवेदनशील बूथ बनाने को लेकर शिकायत की थी कि यहां पर गड़बड़ हो सकती है। हमने हर पोलिंग बूथ पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की थी। सरकारी कर्मचारियों का जितना अमला चुनाव में लगा था, वन विभाग हो या स्वास्थ्य विभाग या रेवेन्यू, या फिर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हों या छोटे कर्मचारी सभी बीजेपी के एजेंट बनकर काम कर रहे थे। हमने इसकी भी शिकायत की थी। लेकिन एक भी शिकायत पर एक्शन नहीं हुआ।
पत्रकारवार्ता में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी की हालत पागल हाथी जैसी हो गई है, वो मद मस्त है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सिर्फ पॉलिटिक्स करने वहां गए और धरना दिया। इससे क्या मैसेज है। तांडव तुम करो, आतंक तुम्हारा, कर्मचारियों का दुरुपयोग तुम करो, भाजपा के गुंडे आदिवासियों पर गोलियां चलाएं। हद तो तब हुई जब कल चुनाव के बाद गाली दे देकर जाटव समाज के लोगों को पीटा जा रहा है और प्रशासन मौन है। प्रशासन सहयोग कर रहा है। कल रात बाबा साहब अंबेडकर की मूर्ति को तोड़ दिया गया। यह भारतीय जनता पार्टी का मूल चाल, चेहरा, चरित्र है। उनके घरों में आग लगा दी गई। आखिर बीजेपी कैसा मप्र बनाना चाहती है। आप संविधान विरोधी हो। दलित समाज को क्यों इस तरह की यातना दे रहे हैं। जो फसलों में आग लगा रहे हैं, जानवरों का चारा जला दिया गया। उनकी रखी हुई धान में आग लगा दी। ये पागल हाथी नहीं तो क्या है?
पीसीसी चीफ ने कहा कि केवल 1200 रुपए देकर लाड़ली बहना के वोट चाहिए। उसी लाड़ली बहना के पतियों को सरकार अपने गुंड़ों से पिटवाती है। आदिवासियों को गोलियां लगी। अब जाटव बहुल गांवों को घेर-घेर कर मार रहे हैं और आग लगा रहे हैं।
प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, जेपी धनोपिया, राजीव सिंह, भूपेंद्र गुप्ता, मिथुन अहिरवार, शैलेंद्र पटेल, अपराजिता पांडे आदि कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहे।

