भोपाल। आम नागरिक और पुलिस के बीच दूरियां कम करने के लिए रविवार को प्रदेश भर के तमाम थाना क्षेत्रों में जनसंवाद का आयोजन किया गया।
इसके लिए थानों और थाना क्षेत्र की कॉलोनियों में पहुंचकर पुलिस ने जनसुनवाई की।
भोपाल शहर में पुलिस आयुक्त ने इस जनसुनवाई की निगरानी की, जबकि देहात में पुलिस अधीक्षक ने खुद लोगों की शिकायतों का निराकरण के लिए शिविर लगाकर समस्याएं पूछीं। इसके लिए थाना स्तर पर टेंट लगाकर लोगों की बैठने की व्यवस्था की गई।
बता दें कि राजधानी और देहात के थानों में लगातार कुछ दिनों से थाना पुलिस की ओर से आम लोगों को संदेश भेजकर यह जानकारी दी जा रही थी कि 3 मार्च को थानों में लोगों की समस्याओं के निराकरण के लिए पुलिस के अधिकारी जनसंवाद करेंगे। इसके लिए थाना स्तर पर तैयारियां की गईं।
वही, प्रदेश के पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना रविवार को राजधानी में दोपहर एक बजे अशोका गार्डन थाना क्षेत्र के वर्धमान ग्रीन पार्क नंबर दो में पहुंचे और लोगों के बीच बैठकर जनसंवाद किया।
इस दौरान लोगों को थाना स्तर से संदेश देकर निर्धारित समय पर मौजूद रहने के लिए आग्रह किया गया था। इसके अलावा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में इसी तरह से जनसंवाद का आयोजन किया गया।
इस नवाचार का मकसद यह है कि पुलिस और लोगों के बीच में जो दूरिया हैं, उनको मिटाया जा सके। इसके अलावा लोगों को पुलिस पर भरोसा होना चाहिए कि पुलिस उनके साथ है। इसको लेकर मुख्यमंत्री ने पुलिस के आला अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को जानें और उसका निराकरण करें।
पुलिस महानिदेशक के साथ जनसंवाद कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र, पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस उपायुक्त के अलावा थाना प्रभारी भी मौजूद रहे।


