जबलपुर। शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय, जबलपुर में सोमवार को शासन के निर्देशानुसार कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव मनाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा संस्कृति उत्थान (न्यास) महाकौशल प्रान्त के सहयोग से आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में शिक्षा संस्कृति उत्थान (न्यास) महाकौशल प्रान्त के प्रांतीय संयोजक एवं प्राध्यापक शासकीय विज्ञान महाविद्यालय डॉ. राजेन्द्र कुरारिया, प्रांतीय सह संयोजक एवं हितकारिणी महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नीलेश पाण्डेय की गरिमामय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में विद्यालय प्राचार्य श्री अब्दुल साहिर शेख सहित समस्त शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की पहली कड़ी में छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छोटे-छोटे बच्चे श्रीकृष्ण और बाल गोपाल की पोशाक में सबको मोहित कर रहे थे। बच्चों द्वारा श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर उनकी लीलाओं को प्रकट किया गया। कनिष्ठ वर्ग के बच्चों द्वारा श्रीकृष्ण की नटखट बाल क्रीड़ा पर एक लघु नाटिका प्रस्तुत की गई। छात्र-छात्राओं ने मधुर भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी, तो कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग की बालिकाओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म पर आधारित एक आकर्षक नाटिका का मंचन किया, जिसमें करुणा, प्रेम और बुराई पर अच्छाई की जीत जैसे शाश्वत मूल्यों को दर्शाया गया। इस नाटिका को और भी जीवंत बनाने के लिए छात्रों ने कृष्ण लीला पर आधारित एक नृत्य भी प्रस्तुत किया।
विद्यालय कला शिक्षक विक्रम यादव के मार्गदर्शन में फाइन आर्ट के विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक ‘नन्द भवन’ झांकी प्रस्तुत की गई जो विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसे देख कर अतिथियों ने सराहना की।
अंतिम कड़ी में वरिष्ठ बालक वर्ग के विद्यार्थियों ने मटकी फोड़ कर कार्यक्रम का समापन किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक भूपेन्द्र सलामे द्वारा अतिथियों, प्रतिभागियों, प्राचार्य, शिक्षकों तथा कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया।
साथ ही स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जिला योग ओलम्पियर्ड प्रतियोगिता में शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय के 10 विद्यार्थियों ने बाजी मारी है। ये सभी विद्यार्थी, अब राज्य योग ओलम्पियर्ड में योग की प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में मुख्य रूप से संकुल प्राचार्य मंजुला शर्मा उपस्थित रही।
छात्रों की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्राचार्य अब्दुल साहिर शेख एवं समस्त शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त किया है।

