इंदौर। कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) पीजी कक्षाओं में प्रवेश के लिए काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया गया है।
पहली बार सबसे कम आवेदन देवी अहिल्या विश्वविद्यालय को प्राप्त हुए हैं। बता दे कि 1400 सीटों के लिए महज 2300 विद्यार्थियों ने प्रवेश की इच्छा जताई है।
इस लिहाज से एक सीट के लिए दो दावेदार भी नहीं है। हालांकि, इससे माना जा रहा है कि चुनिंदा कोर्स की 70 प्रतिशत सीटें पहले चरण में भर जाएंगी। वहीं, 19 जून से ग्रुप ए में प्रवेश के साथ काउंसलिंग शुरू होगी, जो तीन दिन तक चलेगी।
43 पाठ्यक्रम की 1400 सीटों के लिए 40 हजार विद्यार्थियों ने सीयूईटी पीजी की परीक्षा दी, लेकिन 35 दिन चले पंजीयन प्रक्रिया के बावजूद 2300 छात्र-छात्राएं ही आवेदन कर पाए हैं। अधिकांश विद्यार्थियों की पहली पसंद आईएमएस-आईआईपीएस से संचालित एमबीए पाठ्यक्रम है। एलएलएम, एमफार्मा और एमटेक पाठ्यक्रम दूसरी पसंद हैं।
इस बार सीयूईटी में आईईटी के एमई और कई अध्ययन शालाओं के एमएससी पाठ्यक्रम जोड़े गए हैं। 19 से 21 जून तक काउंसलिंग निर्धारित है, लेकिन उसमें पहले एनआरआइ सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। तीन दिन के भीतर विश्वविद्यालय प्रशासन आठ ग्रुप में बांटे गए पाठ्यक्रमों की सीटों के लिए काउंसलिंग करेगा।
सीयूईटी समन्वयक डॉ. कन्हैया आहूजा ने कहा कि काउंसलिंग शेड्यूल में प्रत्येक ग्रुप और पाठ्यक्रम की सीटें और रैंक के बारे में दर्शाया है। उसके आधार पर विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होना है। विद्यार्थियों को सभी दस्तावेजों की मूल प्रतियां लेकर काउंसलिंग के लिए पहुंचना होगा।


