कटनी। जिले के स्लीमनाबाद थानांतर्गत गुदरी गांव में एक युवक की हत्या के मामले में करीब तीन सप्ताह बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन ने हत्या के आरोपी पर 10 हजार रुपए ईनाम की घोषणा की है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन के निर्देशन में आरोपी की गिरफ़्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम भी बनाई गई है।
बावजूद इसके अब तक आरोपी के संबंध में ऐसा कोई सुराग नहीं मिला है, जिसके आधार पर आरोपी तक पहुंचा जा सके।
बता दें कि स्लीमनाबाद थानांतर्गत गुदरी गांव निवासी फूलंचद दाहिया (35) 20 जून की रात अपने घर से खेत जाने के लिए निकला था, जिसके बाद वह रात में घर नहीं लौटा। सुबह होने पर गांव के ही आसमानी मंदिर के पास फूलचंद दाहिया मृत स्थिति में मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
इस मामले में मर्ग प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरु की।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में फूलचंद दाहिया की मौत सीने में चोट के कारण होना बताई गई। जिसके बाद पुलिस ने 9 जुलाई को अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
मामले में आरोपी की गिरफ़्तारी के लिए अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अखिलेश गौर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है।
विशेष पुलिस टीम में माधवनगर थाना प्रभारी (निरी) अनूप सिंह ठाकुर, महिला थाना प्रभारी (उनि) रश्मि सोनकर, सहा. उपनिरीक्षक संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक अविनाश मिश्रा, अंजनी मिश्रा एवं सायबर सेल के अजय साकेत शामिल हैं।
विशेष पुलिस टीम में शामिल माधवनगर थाना प्रभारी (निरी) अनूप सिंह ठाकुर ने बताया कि मामले की सूक्ष्मता से विवेचना की जा रही है, फिलहाल ऐसा कोई सुराग नहीं मिला है जिससे आरोपी के संबंध में जानकारी मिल सके।


