इंदौर-धार और झाबुआ वन मंडल में हुए तबादलों पर छिड़ा विवाद, सीसीएफ के सेवानिवृत्त के 10 दिन बाद उनके हस्ताक्षर से ट्रांसफर

इंदौर। इंदौर वृत्त में आने वाले इंदौर-धार एवं झाबुआ वनमंडल में पदस्थ वनकर्मियों के तबादले इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ हैं।
हुआ यूं है कि जिस अधिकारी के हस्ताक्षर से ये तबादला आदेश 10 सितंबर को जारी हुए, वह अधिकारी तो इसके 10 दिन पहले 31 अगस्त को ही सेवानिवृत्त हो चुके थे। अब वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी हैरान हैं कि सेवानिवृत्ति के दस दिन बाद पुरानी तारीख पर आदेश कैसे निकाले गए? इन तबादलों पर अब विवाद खड़ा हो गया है।
मामले की शिकायत वन विभाग के भोपाल स्थित मुख्यालय तक पहुंच गई है। दरअसल, इंदौर वृत्त में तीन वर्ष सीसीएफ रहने के बाद नरेंद्र सनोड़िया 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हुए। इसके बाद इंदौर वृत्त में नौ और दस सितंबर को कई वनकर्मियों के तबादला आदेश जारी हुए।
इन पर तत्कालीन सीसीएफ सनोड़िया के हस्ताक्षर हैं। कोई सवाल न खड़ा हो, इसलिए बैकडेट में आदेश बनाए गए।
यह सब तब हुआ जब तबादलों पर रोक लगी है, जो कि अक्टूबर में हटने वाली है।
एक गड़बड़झाला यह भी है कि जिनके तबादला आदेश जारी हुए हैं, उनका छह महीने पहले ही तबादला हुआ था।
पूर्व सीसीएफ नरेंद्र सनोड़िया की सेवानिवृत्ति के बाद उनकी विदाई में इंदौर से लेकर धार वनमंडल में समारोह जोर-शोर से विदाई समारोह आयोजित किए गए। इंदौर के तेजाजी नगर स्थित रिसोर्ट में पार्टी भी रखी गई। इन पार्टियों और कार्यक्रमों की चर्चाएं भोपाल मुख्यालय तक पहुंच गईं।
सूत्र कहते हैं कि इन पार्टियों को आयोजित करने वाले इन तबादला आदेश से उपकृत हुए हैं।
प्रश्न यह उठ रहा है कि इंदौर वृत्त कार्यालय से निकले तबादला आदेश को इंदौर-चोरल, मानपुर व धार वनमंडल पहुंचने में क्या दस दिन का समय लग गया? दरअसल, आदेश पर तारीख अगस्त की है, जबकि आदेश जारी 10 सितंबर को हुए। ऐसे में प्रश्न उठा है कि क्या तबादला आदेश एक से दूसरे सरकारी दफ्तर पहुंचने में 10 दिन लग गए।

 

Next Post

खेल अकादमियों में पैरा खिलाड़ियों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण, केबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने की घोषणा

भोपाल। पेरिस में खेले गए पैरालिंपिक-2024 में कांस्य पदक जीतने वाले मध्यप्रदेश के लाड़ले सपूत कपिल परमार शुक्रवार को भोपाल पहुंचे। यहां पर उनका भव्य स्वागत किया गया। प्रदेश के खेल व युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने तात्या टोपे स्टेडियम में कपिल से भेंट कर उन्हें सम्मानित किया […]