भोपाल। पुराने शहर के ऐशबाग क्षेत्र में बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास एक लावारिस नवजात बच्ची बोरे के अंदर मिली। बच्ची को बोरे में बंद कर कोई वहां रख गया था। वहां से गुजर रहे लोगों ने जब नवजात बच्ची के रोने की आवाज सुनी तो बोरी को खोला। बच्ची को बोरे से बाहर निकालकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची ऐशबाग पुलिस ने बच्ची को कस्टडी में लिया और कमला नेहरू बाल चिकित्सालय भेजा। बच्ची की उम्र एक-दो दिन बताई जा रही है। डॉक्टरो के मुताबिक बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर है।
डीसीपी प्रियंका शुक्ला ने बताया कि ऐशबाग क्षेत्र के बाग उमराव दूल्हा क्षेत्र में बुधवार सुबह लोगों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी। आसपास देखा तो पीले रंग की बोरी में हलचल दिखी। इसे खोला तो बच्ची दिखाई दी। बच्ची को कमला नेहरू अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
ऐशबाग थाना प्रभारी जितेंद्र गढ़वाल ने कहा कि बाग उमराव दूल्हा में रेलवे ट्रैक के पास बच्ची मिली है। आसपास बड़ी संख्या में स्लम एरिया है। बच्ची के माता-पिता की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आसपास के अस्पतालों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। ऐसी महिलाओं का रिकॉर्ड मांगा जा रहा है, जिनकी हाल ही में डिलीवरी हुई हो।

