शिवपुरी। जिले के पिछोर विधानसभा अंतर्गत रजावन गांव के 15 लोग मंगलवार शाम 4.45 बजे नाव से डैम के बीच बने टापू पर स्थित सिद्ध बाबा मंदिर होली की फाग के लिए जा रहे थे। मंदिर तक पहुंचने से पहले ही नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई। नाव में सवार सभी लोग डूबने लगे। स्थानीय ग्रामीणों ने 8 लोगों को बचा लिया था।
माता टीला डैम में नाव डूबने के करीब 17 घंटे बाद बुधवार को पहला शव मिला।
बुधवार सुबह करीब 10 बजे 55 वर्षीय महिला का शव पानी से निकाला गया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने एक-एक कर 6 शव निकाल लिए हैं। एसडीआरएफ के 15 जवान लापता एक अन्य की तलाश कर रहे हैं।
वही, मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मौजूद रही।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर ही टेंट लगाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्थाई व्यवस्था की है। जहां डॉक्टरों की टीम ने शवों का पोस्टमार्टम किया गया।

