बीएमएचआरसी में नर्सिंग छात्रा की मौत से मचा हड़कंप, एनएसयूआई ने किया धरना प्रदर्शन, प्रभारी निदेशक के इस्तीफे की मांग

DR. SUMIT SENDRAM

भोपाल। राजधानी के भोपाल मेमोरियल हास्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (बीएमएचआरसी) में प्रथम वर्ष की नर्सिंग छात्रा की मौत से हड़कंप मच गया है। छात्रा की मृत्यु का कारण अस्पताल प्रशासन और प्रभारी निदेशक मनीषा श्रीवास्तव की गंभीर लापरवाही बताया जा रहा है।
इस घटना के बाद छात्रों और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में धरना शुरू कर दिया है।
नर्सिंग छात्र लगातार हॉस्टल में गंदे दूषित पानी, खराब भोजन एवं साफ-सफाई की समस्याओं की शिकायत करते आ रहे थे।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अक्षय तोमर ने आरोप लगाया कि छात्रा की तबीयत खराब होने के बावजूद उसे क्लिनिकल ड्यूटी के लिए मजबूर किया गया। हालत बिगड़ने पर भी उसे उचित इलाज देने की बजाय छुट्टी देकर घर भेज दिया गया। प्रशासन की इस लापरवाही ने एक होनहार छात्रा की जान ले ली।
एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने कहा कि बीएमएचआरसी भोपाल का सबसे पुराना और बड़ा अस्पताल है, कुप्रबंधन के कारण बदहाल हो गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभारी निदेशक मनीषा श्रीवास्तव का ध्यान अस्पताल की व्यवस्थाओं पर नहीं है। वे टेंडरों और अपने पुत्र के निजी डायग्नोस्टिक सेंटर के प्रचार में ज्यादा सक्रिय रहती हैं। यही कारण है कि अस्पताल की सेवाएं लगातार गिर रही हैं।
एनएसयूआई ने चार प्रमुख मांगें रखी हैं जिनमे प्रभारी निदेशक को तत्काल पद से हटाया जाए, छात्रा की मौत की उच्च-स्तरीय जांच हो, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए एवं नर्सिंग छात्रों को सुरक्षित वातावरण मिले।
एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

 

Next Post

उमंग हेल्पलाइन सेवा हुई बंद, नहीं हो पा रही है काउंसलिंग

भोपाल। किशोर एवं किशोरियों में बढ़ते अवसाद और आत्मघाती जैसे कदम उठाने से बचाने के लिए मनोविज्ञानी काउंसलिंग करने के लिए उमंग हेल्पलाइन एवं परामर्श केंद्र प्रारम्भ किया गया था। अब यह हेल्पलाइन सेवा जून से पूरी तरह बंद है। विद्यार्थियों की काउंसलिंग नहीं की जा रही है। यह हेल्पलाइन […]