कैमोर में दिनदहाड़े गोलीकांड, नकाबपोश बदमाशों ने की भाजपा पिछड़ा वर्ग मण्डल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या

DR. SUMIT SENDRAM

कटनी। जिले के कैमोर में मंगलवार को दिनदहाड़े बैंक के सामने एक युवक पर दो बाइक सवारों ने गोली चला दी। जिससे बाजार में सनसनी फैल गई। गोली मारने वाले नकाबपोश मौके से फरार हो गये। घायल को विजयराघवगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक भाजपा के पिछड़ा वर्ग मण्डल अध्यक्ष कैमोर निवासी नीलेश उर्फ नीलू रजक नामक युवक को सुबह 11 बजे के लगभग बैंक के सामने बाइक से आये दो नकाबपोश में से एक ने नजदीक से गोली मार दी, वारदात के बाद दोनो आरोपी मौके से फरार हो गए।
गोली चलने से बाजार में सनसनी फैल गई।
अचानक हुए वारदात के बाद क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को तत्काल विजयराघवगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।
बताया गया कि नीलू रजक का कुछ ही महीने पहले भाटिया मुहल्ला निवासी एक युवक से विवाद हुआ था। जिसकी रिपोर्ट भी थाने में हुई थीं। घटना का सम्बंध उसी विवाद से है या नहीं इस बारे में अभी कुछ कहा नहीं जा रहा है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कटनी प्रशासन से फोन पर बात कर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए कहा है। उन्होंने सीएम डॉ. मोहन यादव से भी घटना को लेकर बात की।
भाजपा नेता नीलेश रजक की हत्या के बाद बढ़ते तनाव को देखते हुए कैमोर में जबलपुर रेंज के डीआईजी अतुल सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज में दोनों हमलावर बाइक से आकर भाजपा नेता को गोली मारते स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हमलावरों की पहचान और तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
वहीं, नीलेश रजक के परिजन ने शव का पीएम करने से इनकार कर दिया। वे आरोपियों की गिरफ्तारी करने की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ विजयराघवगढ़ शासकीय अस्पताल के के सामने चक्काजाम कर दिया। मौके पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी उन्हें समझाइश देते रहे।
विजयराघवगढ़ एसडीओपी वीरेंद्र धार्वे ने बताया कि घटना मंगलवार सुबह साढ़े 11 बजे की है। नीलेश रजक नाम के युवक को कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने गोली मारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हम टीमें बनाकर काम कर रहे हैं। पूरी कोशिश है कि आरोपी जल्द गिरफ्तार हों। किसी भी हालत में आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।

 

Next Post

बजाग पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, 115 लीटर अवैध शराब व बोलेरो वाहन ज़ब्त

डिण्डौरी। पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह के निर्देशन पर जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए है। जिले भर के थाना एवं चौकी प्रभारियों के द्वारा अवैध गतिविधियो के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। वही, मंगलवार को बजाग […]