भोपाल। मप्र युवा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष यश घनघोरिया के शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेशभर से भोपाल आए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर एसआईआर के विरोध किया।
कांग्रेसी जुलूस की शक्ल में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) कार्यालय का घेराव करने निकले, तो पुलिस ने व्यापम चौराहे पर बैरिकेटिंग कर उन्हें रोक दिया।
आगे बढ़ने को लेकर पुलिस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव भी हुआ।
कार्यकर्ता बैरिकेट पर चढ़कर आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे तो पुलिस ने वॉटर कैनन से पानी की तेज बौछार फेककर उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं में नोकझोंक भी हुई।
प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और युवा कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहे।
जब कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं माने, तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया। हालांकि, इनमें किसी को चोट नहीं आई, लेकिन इससे कार्यकर्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया और वे बैरिकेटिंग को तोड़ने का प्रयास करने लगे।
जब युवा कांग्रेस कार्यकर्ता रोकने से भी नहीं रुक रहे थे, तो पुलिस ने बस बुलाई और उनकी गिरफ्तारी शुरू कर दी। कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पकड़कर बस में बैठाया, तो कई कार्यकर्ता गिरफ्तारी देते हुए खुद ही बस के ऊपर चढ़ गए। बस में तादात से ज्यादा कार्यकर्ताओं के भर जाने से बस एक तरफ झुक गई, जिसके पलटने की आशंका के चलते पुलिस ने कार्यकर्ताओं को बाहर निकाला।
युवा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष यश घनघोरिया ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान को संविधान सभा में पेश किया था, तब कहा था कि अब राजा का बेटा रानी के पेट से नहीं लोकतंत्र के वोट से पैदा नहीं होगा। आज आपका वोट खतरे में है। हमारे नेता राहुल गांधी पूरे देश में जाकर संविधान की खूबसूरती को बचाने का काम कर रहे हैं। लोकतंत्र को बचाने का काम कर रहे हैं। वे वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। भाजपा आज सारे हथकंडे अपना रही है।
उन्होंने आगे कहा कि इलेक्शन कमीशन भाजपा का दलाल बनकर काम कर रहा है। सभी इस लड़ाई को प्रत्येक गली-कूचे, प्रत्येक विधानसभा तक लेकर जाएं। ये सुनिश्चित करें कि एसआईआर में अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। ताकि उसके वोट का अधिकार न छीना जाए। इतिहास गवाह है दुनिया में युवा के कारण ही क्रांति आई है। यहां उपस्थित युवा हर परिस्थिति को बदलने का माद्दा रखते हैं। सभी युवा शपथ लेते हैं कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।
मप्र विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बोले कि ये सिर्फ कांग्रेस की लड़ाई नहीं है। आम वोटर की लड़ाई है, जिसकी आवाज को बंद किया जा रहा है। कुणाल कामरा अपना शो चलाता है, वह कमेंट करता है तो उसके पूरे स्टूडियो को खत्म कर दिया जाता है।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु बोले कि जब हमें आजादी मिली, तभी पाकिस्तान को भी मिली और आज हम कहां हैं और पाकिस्तान कहां है। इसका एक ही कारण था। कांग्रेस ने देश के लोकतंत्र को कमजोर नहीं होने दिया और नरेंद्र मोदी देश के लोकतंत्र को कमजोर करके सबसे बड़ा देशद्रोह कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि विधानसभा में जब नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बोलते हैं और 10 दिन विधानसभा चलती है तो मोहन यादव डर के मारे एक दिन आते हैं। उमंग जी का डर, विधायकों का डर, कांग्रेस के फौजियों का डर है मोहन यादव शुरू दिन आएंगे और भाषण देने वाले दिन आएंगे। सामना नहीं कर पाएंगे।


