मध्य प्रदेश बोर्ड परीक्षा फरवरी से होगी प्रारम्भ, छमाही व प्री-बोर्ड परीक्षाएं भी होगी एक माह पहले

DR. SUMIT SENDRAM

भोपाल। मप्र बोर्ड 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं सात फरवरी से आयोजित की जाएगी। हर साल की अपेक्षा इस साल करीब 15 दिन पहले बोर्ड परीक्षा होगी। इसे देखते हुए इस बार छमाही व प्री-बोर्ड परीक्षाएं भी एक माह पहले होंगी। नौवीं से 12वीं की छमाही परीक्षाएं नवंबर में होंगी। पिछले वर्ष तक ये परीक्षाएं दिसंबर में होती थीं। इससे छमाही परीक्षा के बाद विद्यार्थियों को बोर्ड व वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी करने का भरपूर समय मिल जाएगा।
इस बार बोर्ड परीक्षाएं इसलिए जल्दी आयोजित की जा रही है, क्योंकि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत बोर्ड की दो परीक्षाएं कराया जाना है। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) ने एक मुख्य परीक्षा फरवरी में कराने के लिए समय-सारिणी जारी कर दी है। दूसरी परीक्षा जून में आयोजित किए जाने की संभावना है। इस कारण स्कूल शिक्षा विभाग को छमाही परीक्षा का कार्यक्रम परिवर्तित करना पड़ा है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि दिसंबर की बजाय अब नवंबर में छमाही परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इस कारण विभाग ने स्कूलों को करीब 50 से 60 फीसद पाठ्यक्रम अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक डीएस कुशवाहा ने बताया कि इस बार फरवरी की शुरूआत से ही बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। इस कारण छमाही परीक्षाएं भी हमने दिसंबर की बजाय नवंबर में कराने का निर्णय लिया है, ताकि विद्यार्थियों की तैयारी बेहतर तरीके से कराई जा सके।

 

Next Post

सरकार चलाएगी स्वदेशी अभियान, मुख्यमंत्री 25 सितंबर को करेंगे स्वदेशी सप्ताह का शुभारंभ

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशवासियों से स्वदेशी अपनाने की अपील के बाद बाद मध्यप्रदेश सरकार स्वदेशी को बढ़ाने के लिए हर स्तर पर जुट गई है। भाजपा और सरकार दोनों की ओर से अलग-अलग अभियान चलाए जाएंगे। वही, स्वदेशी जागरण मंच भी 25 सितंबर से छह माह का अभियान […]