धार। सोमवार दोपहर जिले के अमझेरा थाना परिसर के पास बनी पानी की टंकी पर विनोद नामक युवक शराब के नशे में चढ़ गया। करीब एक घंटे तक वह टंकी से कूदने की धमकी देता रहा। युवक ने टंकी के ऊपर से अपना मोबाइल नीचे फेंक दिया और शर्ट भी उतारकर फेंक दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतरने के लिए लगातार समझाइश देती रही, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।
इस दौरान बड़ी संख्या में आसपास के लोग एकत्रित हो गए और कई लोग अपने-अपने मोबाइल से घटना के फोटो व वीडियो बनाने लगे।
मौके पर सरपंच प्रतिनिधि शिवा मकवाना, उपसरपंच अर्जुनसिंह मोहनिया सहित कई जनप्रतिनिधि पहुंचे और युवक को समझाकर नीचे उतरने की कोशिश करते रहे। युवक बार–बार कूदने की धमकी देता रहा और दो–तीन बार टंकी पर खतरनाक तरीके से लटक भी गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने मौके पर बड़ा जाल (सेफ्टी नेट) भी मंगवा लिया था, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
घटना की खबर मिलते ही युवक की मां और अन्य रिश्तेदार भी मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतरने की गुहार लगाते रहे।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आखिरकार युवक स्वयं टंकी से नीचे उतर आया। जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।


