जेसीबी का पंजा लगने पर फूटी पीएनजी लाइन, पास लगी भट्टी के संपर्क में आते ही उठा 20 मीटर ऊंचा उठा आग का गुबार

मुरैना। शहर के नेहरू पार्क के पास एक सप्ताह से फूटी पानी की पाइपलाइन की मरम्मत करने के लिए नगर निगम की जेसीबी खोदाई कर रही थी। पानी की लाइन के ऊपर से पीएनजी (घरेलू गैस सप्लाई की लाइन) गुजरी थी, जो बैकहो लोडर मशीन के पंजे से टूट गई। गैस लाइन टूटते ही आग की लपटों का 20 फीट से ऊंचा बवंडर उठा।
10 मीटर दूर ही नाश्ते की दुकान की भट्टी जल रही थी, इससे आग भड़क गई। आग ऐसी भड़की, कि दुकान के बाहर का छप्पर जलकर स्वाहा हो गया।
हादसे में कन्हैया मिष्ठान दुकान के संचालक विमल गुप्ता व उनके बेटे पावश गुप्ता झुलस गए।
आग की लपटें पास की मोटरवाइडिंग करने वाले अख्तर खान की दुकान तक घुस गईं। आग की लपटों से अख्तर का पूरा चेहरा-बाल झुलस गए।
सूचना मिलते ही पीएनजी लाइन का स्टाफ और नगर निगम की फायर ब्रिगेड पहुंची। आग को तत्काल काबू किया गया। पीएनजी की देखरेख करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि इस पाइपलाइन से गैस सप्लाई फिलहाल बंद थी। टेस्टिंग के लिए छोड़ी गई कुछ गैस लाइन में मौजूद थी, जिसमें पाइप कटने के कारण आग लग गई। अगर सप्लाई शुरू होती तो बड़ा हादसा हो जाता। इस घटना से शहर में बिछाई गई पीएनजी लाइन की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आग को बुझाने के बाद फूटी गैस व पानी की लाइन को ठीक करने के लिए दोनों विभागों के कर्मचारी लग गए। पानी की लाइन निकालने के लिए सड़क पर खुदाई होने के कारण एमएस रोड की एक साइड को नेहरू पार्क के सामने से बेरीकेड लगाकर बंद कर दिया।
इसके बाद बैरियर से हनुमान चौराहा की तरफ जाने वाला पूरा ट्रैफिक शिक्षा नगर, जीवाजीगंज की सड़कों से होते हुए दूसरे रास्तों पर मोड़ दिया। इसका असर यह हुआ कि एमएस रोड पर एक किलोमीटर से ज्यादा जाम लग गया। वाहनों के दवाब से मिल एरिया रोड, गर्ल्स रोड, शिक्षा नगर रोड आदि सड़कें जाम हो गई।

 

Next Post

भारी पड़ा रुबीना को ‘भाड़ में जाए कांग्रेस’ का बयान, कांग्रेस ने भेजा निष्कासन का प्रस्ताव

इंदौर। वंदे मातरम को लेकर सियासत गरमा गई है, जिसके बाद खजराना वार्ड की पार्षद रुबीना खान को शहर कांग्रेस द्वारा बाहर करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस संबंध में प्रस्ताव प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा गया है। वंदे मातरम विवाद में कांग्रेस के दूसरे पार्षदों का […]