बुरहानपुर। दो दिन पहले शहर के प्रतापपुरा क्षेत्र में घर के पास से लापता हुई सात वर्षीय बच्ची का शव सोमवार दोपहर मोहल्ले के एक खंडहर मकान से बरामद हुआ है।
सोमवार दोपहर मोहल्ले के लोगों को इस मकान से बदबू आने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो लापता बच्ची का शव मिला।
बता दे कि शनिवार दोपहर बारह बजे के आसपास बच्ची घर के पास खेल रही थी। कुछ देर बाद परिजनों को बच्ची नजर नहीं आई तो उन्होंने आसपास तलाश की। कहीं पता नहीं चलने पर शिकारपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस बच्ची को तलाशने के लिए दो दिन से शहर के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही थी। साथ ही उसे खोजने के लिए तीन टीमें भी लगाई गई थी।
सोमवार दोपहर बच्ची का शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, अति. पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश, नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल सहित पुलिस बल प्रतापपुरा पहुंचा। इसके अलावा डाॅग स्क्वाड और एफएसएल टीम भी हत्यारे का सुराग ढूंढने में जुटी हुई हैं।
बच्ची के साथ क्या घटना हुई है, अभी इसका पता नहीं चल पाया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।


