भोपाल। नये साल 2025 की पहली सुबह कड़ाके की ठंड रही। वहीं, कई शहर कोहरे की आगोश में रहे। भोपाल, उज्जैन व शाजापुर में इतना घना कोहरा रहा कि 50 मीटर बाद कुछ नहीं दिखा।
राजधानी में सुबह 9 बजे के बाद सूर्यदेव के दर्शन हुए। सागर, बालाघाट के मलाजखंड और दमोह में 200 से 500 मीटर तक विजिबिलिटी रही। रायसेन में दिन में भी रात जैसी सर्दी रही। दिन का तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। इससे पहले रात में पारा 8.3 डिग्री था।
मंगलवार-बुधवार की रात में कई शहरों में पारा 10 डिग्री के नीचे आ गया। भोपाल, रायसेन, रीवा, नौगांव, सीधी, नर्मदापुरम, जबलपुर, सतना, गुना, शिवपुरी, बालाघाट, सिवनी, उमरिया और उज्जैन में कोल्ड डे जैसी स्थिति रही।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को रीवा में 18.2 डिग्री, भोपाल में 18.3 डिग्री, भोपाल में 18.3 डिग्री, नौगांव में 19 डिग्री, सीधी में 19.6 डिग्री, नर्मदापुरम में 19.9 डिग्री, खजुराहो में 20.2 डिग्री, दमोह में 20.5 डिग्री, जबलपुर-सतना में 20.8 डिग्री, गुना-शिवपुरी में 21 डिग्री, मलाजखंड में 22 डिग्री, सिवनी में 22.2 डिग्री, उमरिया में 22.5 डिग्री और उज्जैन में 23.2 डिग्री दर्ज किया गया। नवंबर-दिसंबर में रिकॉर्ड तोड़ने वाली ठंड जनवरी में भी जमकर असर दिखाएगी। मौसम विभाग का कहना है कि जनवरी में 20 से 22 दिन तक शीतलहर चल सकती है।
राजधानी भोपाल में पारा 8.4 डिग्री, जबलपुर में 9 डिग्री, ग्वालियर में 9.9 डिग्री, उज्जैन में 11.8 डिग्री और इंदौर में 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वही, नर्मदापुरम, इंदौर, रायसेन में 500 से 1000 मीटर और ग्वालियर, राजगढ़, शिवपुरी, जबलपुर में 1-2 किमी की विजिबिलिटी रही। छतरपुर के नौगांव की रात सबसे ठंडी रही। यहां पारा 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

