प्रदेश में महिलाओं में बढ़ रही मतदान के प्रति जागरुकता, मध्य प्रदेश की 34 विधानसभा सीटों पर महिलाओं ने पुरुषों के मुकाबले अधिक किया मतदान

भोपाल। लोकतंत्र के महापर्व चुनाव में महिलाओं की जागरुकता बढ़े, इसके लिए चुनाव आयोग से लेकर राजनीतिक दल तक मतदान जागरूकता के लिए कार्य कर रहे हैं। इसका असर भी हो रहा है और मतदान में भागीदारी भी लगातार बढ़ रहा है।
हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रिकार्ड 76.03 प्रतिशत महिलाओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
मध्य प्रदेश की 34 विधानसभा सीटों पर महिलाओं ने पुरुषों के मुकाबले अधिक मतदान किया। इनमें से 12 सीटें तो ऐसी रहीं जहां पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने पांच प्रतिशत अधिक मतदान किया।
चुनाव आयोग भी महिलाओं के मतदान को प्रोत्साहित करने के लिए स्वीप गतिविधियों के माध्यम से प्रयास कर रहा है।
मतदान केंद्रों पर गर्भवती या ऐसी महिलाएं, जिनके बच्चे छोटे हैं, उन्हें बिना लाइन में लगे मतदान का अवसर दिया जाता है तो दो महिलाओं के बाद एक पुरुष मतदाता से मतदान कराया जाता है। महिलाओं द्वारा संचालित मतदान केंद्रों की संख्या में भी लगातार वृद्धि की जा रही है।
इसके साथ ही उन मतदान केंद्रों को भी चिह्नित किया गया है, जहां महिलाओं का मतदान प्रतिशत कम है। इन स्थानों पर आंगनबाड़ी, आशा, उषा कार्यकर्ता को भेजकर मतदान के प्रति जागरुक करने का काम किया जा रहा है।
अभी प्रदेश में दो करोड़ 73 लाख 87 हजार 122 महिला मतदाता हैं।

 

Next Post

जबलपुर एयरपोर्ट म्यूजियम बन जायेगा- जबलपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स

जबलपुर। जबलपुर हवाई अड्डे के सुधार कार्य के बहाने जबलपुर से मुम्बई की सीधी उडान सेवा बंद कर दी गई है, जिससे जबलपुर के उद्योग-व्यापार पर बहुत असर पड़ने लगा है। डुमना एयरपोर्ट उद्घाटन के लिये तैयार खड़ा है और विमानन कम्पनियां उड़ाने बढ़ाने के बजाए बंद करने में लगी […]