जबलपुर। जिले के बरेला में रविवार को हुए हिट एंड रन केस में जान गवाने वालों की संख्या 2 से बढ़कर 5 हो गई है। जबकि, अब भी 3 मजदूर गंभीर रूप से घायल बने हुए हैं।
बता दें कि इस भीषण सड़क हादसे में रविवार को चैनवती बाई और लच्छों बाई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।
वहीं, सोमवार को गंभीर हालत में भर्ती गोमती बाई, वर्षा कुशराम और कृष्ण बाई की भी इलाज के दौरान मौत हो गई है।
जबकि, तीन मजदूरों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 02-02 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की है।
बता दे कि रविवार की दोपहर बरेला हाइवे रोड पर सफेद रंग के रोनाल्डो कार चालक ने कोहराम मचाते हुए सड़क किनारे बैठकर खाना खा रहे 13 मजदूरों को कार चालक ने रौंद दिया था।
सड़क पर मचे चीख पुकार के बाद सूचना पर पुलिस पहुंची थी।
घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया था।
सभी मजदूर हाइवे पर लगी ग्रिल पर पेंटिंग का काम कर रहे थे।
हिट एंड रन मामले में मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग सोमवार को सड़क पर उतर आए।
दोपहर करीब 1 बजे चक्काजाम शुरू हुआ, जो शाम 5.15 बजे प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ।
चक्काजाम के चलते करीब 5-6 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
इस दौरान मृतको के परिजन एवं ग्रामीण 10 लाख मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग कर रहे थे।
मामले की जांच पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने क्राइम ब्रांच को सौपी है।
पुलिस ने कार मालिक दीपक सोनी को हिरासत में लिया गया है। जबकि, चालक और उसका भाई लखन सोनी फरार है।
अति. पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम आरोपी की तलाश में जुटी है, टोल नाकों और रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


