लूट, डकैती व चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला पारदी गिरोह का इनामी कुख्यात सरगना सूरज गिरफ्तार

शिवपुरी। अंतरराज्‍यीय बदमाश व एक लाख दस हजार रुपये के इनामी पारदी गिरोह के सरगना कुख्यात सूरज पारदी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सुभाषपुरा थानांतर्गत ग्राम सेंवढ़ा निवासी बदमाश सूरज पारदी को पुलिस ने बुधवार को गाराघाट के जंगल से गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी वारदात की टोह में शिवपुरी आया हुआ था।
गौरतलब है कि सूरज पारदी ने उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में इत्र व्यापारी विमलेश तिवारी के यहां 29 जून 2023 को डकैती की वारदात को अंजाम देकर 50 लाख रूपये के सोने-चांदी के जेवर, 7 लाख रुपये नकद तथा एक लाइसेंसी रिवाल्वर लूटी थी।
उक्त डकैती की वारदात में सूरज पारदी मोस्ट वांटेड अपराधी था।
उत्तर प्रदेश के अति. पुलिस महानिदेशक ने सूरज पारदी की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
सूरज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कई बार शिवपुरी आ चुकी थी तथा पत्र भी पुलिस को लिखे थे। पुलिस सूरज की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी।
इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सूरज पारदी अपने घर सेंवढ़ा आया हुआ है।
इस पर पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर सुभाषपुरा थाना प्रभारी राजीव दुबे ने उसकी तलाश में सेंवढ़ा में दबिश दी तो वह वहां से फरार हो गया। पुलिस को इसी दौरान बुधवार की सुबह गाराघाट पुल के पास एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में मिला। पुलिस ने जब उसे रोककर उसकी तलाशी ली तो उसके पास एक अवैध कट्टा मिल गया।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसकी पहचान सूरज पारदी पुत्र अनरथ पारदी(48) निवासी ग्राम सेंवढ़ा थाना सुभाषपुरा के रूप में हुई।
शिवपुरी पुलिस अधीक्षक के तरफ से उप्र पुलिस को आरोपी की गिरफ्तारी के संबंध में सूचना दे दी गई है। वहां की एसटीएफ आकर शिवपुरी से सूरज पारदी की गिरफ्तारी करेगी।
सूरज पारदी के कब्जे से एक 315 बोर का लोडेड देशी कट्टा, 3 जिंदा राउण्ड एवं 27 हजार 500 रुपये नगद मिले हैं।
बता दे कि सूरज पारदी पर हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, चोरी जैसे गंभीर अपराधों के मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश एवं राजस्थान राज्यों में कुल 22 अपराध पंजीबद्ध हैं। अन्य अपराधों और इनाम के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने जब गिरफ्तार आरोपी सूरज से पूछताछ की तो उसने 24-25 जून की दरम्यानी रात गाराघाट पर पीडब्ल्यूडी ठेकेदार की कार पंक्चर कर लूट की वारदात को स्वीकार किया। ठेकेदार अनिल भारद्वाज से सूरज पारदी ने लूट उस समय की थी जब वह भोपाल से लौट कर गोहद जा रहे थे।
बदमाश सूरज पारदी ने ठेकेदार से सोने की चेन, सोने की अंगूठी 2 एवं 1 लाख रुपये नगद की लूट की थी। इसके अलावा सूरज ने उसी रात सांकडे हनुमान मंदिर से छह हजार रुपये नगद व सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चुराने की वारदात स्वीकार किया है।

 

Next Post

भेड़ों के झुंड को ट्रक ने कुचला, चरवाहे सहित 40 भेड़ों की मौत

शिवपुरी। जिले के सुरवाया में गुरूवार की अलसुबह फोरलेन हाईवे पर एक ट्रक ने 40 भेड़ों सहित एक चरवाहे को रौंद दिया। हादसे में भेड़ों सहित चरवाहे की मौके पर ही मौत हो गई। राजस्थानी चरवाहे मड़ीखेड़ा डेम के पास रात के पड़ाव के बाद सुबह खुटैला की तरफ जा […]