पार्वती नदी में आए बाढ़ में डूबे चाचा भतीजा का शव एक दूसरे से लिपटा मिला

DR. SUMIT SENDRAM

श्योपुर। जिले के आमलदा गांव में बुधवार शाम को राजू यादव और उनके 13 वर्षीय भतीजे शिवम की पार्वती नदी के उफनते पानी में डूबकर मौत हो गई। गुरुवार सुबह दोनों के शव खेत में एक-दूसरे से लिपटे हुए मिले।
जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम को राजू यादव और शिवम अपने खेत की तरफ गए थे। खेत में रखे पाइप और अन्य सामान को बचाने के लिए वे घर से निकले थे, लेकिन रात तक वे वापस नहीं लौटे। पहले तो परिजनों ने सोचा कि दोनों खेत पर ही रुक गए होंगे, लेकिन जब पूरी रात कोई खबर नहीं मिली और संपर्क भी नहीं हो पाया, तो चिंता बढ़ गई।
परिजन और ग्रामीणो के द्वारा उन्हें रातभर ढूंढा गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार सुबह जब पार्वती नदी का जलस्तर थोड़ा कम हुआ, तो लोग फिर से खेत की तरफ पहुंचे। वहां दोनों के शव खेत के किनारे पानी में एक दूसरे से लिपटे मिले। इससे साफ झलकता है कि शायद ताऊ ने भतीजे को बचाने की कोशिश की होगी, लेकिन खुद भी पानी की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि राजू अपने परिवार के लिए मजदूरी करके खेत संभालते थे। उनका भतीजा शिवम पढ़ाई करता था, लेकिन साथ ही खेती में भी हाथ बंटाता था। दोनों की मेहनत और सादगी पूरे गांव में जानी जाती थी।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
प्रशासन के तरफ से आपदा राहत सहायता की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मिलकर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

 

Next Post

बोदरी नदी में डूबने से दो नाबालिगों की मौत, 6 दोस्‍त बिना किसी को बताए नदी नहाने पहुंचे, दो डूबे तो बाकी घबराकर भागे

छिंदवाड़ा। जिले के नागपुर रोड कोलाढाना क्षेत्र में बोदरी नदी में डूबने से दो नाबालिगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची, लेकिन नाबालिगों को बचाया नहीं जा सका। मृतको में देव पिता रामकुमार चौरसिया (14) एवं फनी पिता विजय […]