भोपाल। बैरागढ़ थाना पुलिस ने बोतलबंद पानी बेचने की आड़ में शराब की तस्करी के मामले का खुलासा किया है। इसके तहत एक पिकअप वाहन से पानी के कैम्परों (प्लास्टिक की बड़ी बोतल) के बीच छिपाकर ले जाई जा रही नौ पेटी शराब बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। धरपकड़ के दौरान एक युवक गाड़ी से उतरकर फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है।
बैरागढ़ थाना पुलिस के मुताबिक मुखबिर से पता चला कि लालघाटी तरफ से आ रहे एक पिकअप वाहन में अवैध शराब रखी हुई है। इस आधार पर संतजी की कुटिया के पास स्टॉपर लगाकर पुलिस ने वाहनों पर नजर रखना शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक पिकअप वाहन पुलिस को देखकर स्टॉपर के पहले सड़क किनारे रुक गया। उसमें से एक युवक कूदकर भाग निकला। पुलिस द्वारा तत्काल वाहन की घेराबंदी कर उसमें सवार तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया।
वाहन की तलाशी के दौरान पानी के कैम्परों के बीच शराब की पेटियां रखी मिलीं। कुल नौ पेटी अवैध शराब और तस्करी में उपयोग में लाए जा रहे वाहन को जब्त कर लिया गया।
आरोपियों की पहचान सीटीओ कालोनी निवासी 29 वर्षीय ब्रिजेश विश्वकर्मा, कैंप नंबर-12 निवासी 32 वर्षीय संजय सरस्वान एवं सीटीओ कालोनी निवासी 32 वर्षीय हर्ष साहू के रूप में हुई।
तीनों से पूछताछ के बाद फरार हुए युवक का नाम ब्रजेश यादव पता चला है। पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।


