यातायात पुलिस ने किया ’’गुड सेमेरिटन योजना’’ कार्यक्रम का आयोजन

डिंडौरी। पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह के निर्देशन में तथा अति. पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (डिंडोरी) केके त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा मुख्य बस स्टैंड में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर बस चालकों, आपरेटरों, आटो चालकों, आपरेटरों एवं सामान्य जन मानस को “गुड सेमेरिटन योजना“ के संबंध में जानकारी दी गयी।
यातायात थाना प्रभारी सुभाष उइके ने जानकारी देते हुये कहा कि गंभीर सडक दुर्घटना होने पर पीडित व्यक्ति के लिये सबसे महत्वपूर्ण समय प्रारंभ का 01 घंटा होता है, यदि उस समय पर पीडित व्यक्ति को चिकित्सीय सहायता उपलब्ध हो जाती है, तो सामान्यतः उसकी जान बच जाती है। एवं यदि किसी व्यक्ति द्वारा गंभीर सडक दुर्घटना में पीडित व्यक्ति को “गोल्डन आवर्स“ अर्थात सडक दुर्घटना के एक घंटे के भीतर चिकित्सीय सहायता के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जाता है तो उसे “गुड सेमेरिटन योजना“ के तहत पांच हजार रूपये नगद राशि एवं प्रशस्ती पत्र प्रदाय किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी यातायात द्वारा बताया गया कि जिला अस्पताल के सामने, सिविल लाईन डिण्डौरी, कोर्ट परिसर एवं समस्त शासकीय विद्यालय क्षेत्र को जिला कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा नो हार्न जोन घोषित किया गया है, इसका उल्लंघन करने पर चालानी कार्यवाही की जायेगी। साथ ही यदि एम्बुलेन्स के गुजरते समय सायरन बजाने के बावजूद भी यदि किसी व्यक्ति द्वारा एम्बुलेन्स को साईड नहीं दी गई और एम्बुलेन्स के आवागमन में बाधा उत्पन्न की जाती है, तो उस पर भी भारी जुर्माना लगाते हुये चालानी कार्यवाही की जायेगी। कार्यक्रम के दौरान बस चालकों, आटो चालकों, एवं अन्य सभी वाहन चालकों को सडक किनारे लगे स्पीड लिमिट के अनुसार ही वाहन चलाने एवं ओव्हर स्पीड वाहन न चलाने की समझाईश दी गयी।
इस दौरान यातायात थाने के सहा. उपनिरीक्षक रामरुप विश्वकर्मा, आरक्षक कमलेश अहिरवार, कृष्ण पाल एवं भूपेंद्र दुलारे मौजूद रहे।

 

Next Post

ट्रक ने खड़ी बस को पीछे से मारी टक्कर, तीन की मौत, आठ घायल

गुना। राघौगढ़ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 46 पर जेपी कॉलेज के पास एक खड़ी बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। बुधवार तड़के हुए इस हादसे में बस में सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ यात्री घायल हो गए। घायलों […]