पुलिस इंस्पेक्टर की पत्थरों से कुचलकर हत्या, बायपास पर मिला शव

इंदौर। महानगर के खजराना बायपास क्षेत्र में पुलिस इंस्पेक्टर प्रभात नारायण चतुर्वेदी का शव मिला, जिन्हें पत्थरों से कुचलकर मारा गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।
खजराना बायपास क्षेत्र में तीन दिन पहले मिले शव की पहचान पुलिस रेडियो ट्रेनिंग स्कूल (पीआरटीएस) के इंस्पेक्टर प्रभात नारायण चतुर्वेदी के रूप में हुई है। उन्हें पत्थरों से कुचलकर बेरहमी से मारा गया और फिर उनका शव बायपास पर एक गार्डन के पास फेंक दिया गया। पुलिस ने तीन दिनों तक उनकी शिनाख्त करने की कोशिश की। उनके परिजन विजय नगर थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे, तब पुलिस ने उन्हें लावारिस शव की जानकारी दी। इसके बाद शव की पहचान इंस्पेक्टर प्रभात नारायण चतुर्वेदी के रूप में हुई।
डीसीपी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि 24 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे खजराना क्षेत्र में 42 वर्षीय व्यक्ति का खून से लथपथ शव बरामद किया गया था। कपड़ों की तलाशी में कोई पहचान पत्र नहीं मिला था। पुलिस ने अज्ञात शव का मामला दर्ज कर शिनाख्ती के प्रयास शुरू किए और 25 जनवरी को यह पुष्टि हुई कि शव पीआरटीएस इंस्पेक्टर प्रभात नारायण चतुर्वेदी का है।
पीआरटीएस अधिकारियों ने बताया कि इंस्पेक्टर प्रभात नारायण चतुर्वेदी 22 जनवरी को ड्यूटी पर आए थे, लेकिन उसके बाद से ही वे लापता थे। इससे पहले भी वे बीमारी और अन्य कारणों से कई बार ड्यूटी से गैरहाजिर रहे हैं। उनकी हत्या किसने और क्यों की, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। परिजनों ने बताया कि वे घर से करीब 50 हजार रुपए लेकर निकले थे।
एडीसीपी अमरेंद्रसिंह ने बताया कि वह पन्ना जाने के लिए पैसे लेकर रिक्शा से ही निकाला था। आशंका है कि वह शराब पीने का आदि है इसके चलते उसने खजराना में घटना स्थल के पास रिक्शा में बैठकर ही शराब पी होगी और यहां हुई तत्कालिक विवाद में उसकी हत्या कर दी गई है। हत्या में एक से दो लोग शामिल हो सकते हैं। रिक्शा चालक भी संदेह के घेरे में है। इसके चलते पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उनका कहना है कि जल्द ही पुलिस मामले को सुलझा लेगी।

 

Next Post

महाकुंभ की दुखद घटना पर कांग्रेस की राजनीति दुर्भाग्यपूर्ण, हिंदुत्व और उसकी परंपराओं पर आक्रमण कांग्रेस की पुरानी आदत - विष्णुदत्त शर्मा

जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने बुधवार को जबलपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद महाकौशल प्रांत के नवीन भवन के लोकार्पण समारोह में शामिल हुए। जिसके बाद वे पूर्व मंत्री अंचल सोनकर के बड़े भाई स्व. चंद्रिका प्रकाश […]