भ्रष्टाचार मामले में सहा. यंत्री को चार साल की कारावास, 60 लाख का लगा जुर्माना

जबलपुर। विशेष न्यायाधीश लोकायुक्त जबलपुर अमजद अली खान के न्यायालय ने भ्रष्टाचार से अर्जित सम्पत्ति के मामले में सिचाई विभाग उमरिया के तत्कालीन सहायक यंत्री राजकुमार पाण्डेय को चार वर्ष के कारावास एवं 60 लाख रुपये के जुर्माने से दंडित किया है।
प्रकरण में लोकायुक्त संगठन जबलपुर द्वारा आरोपी के खिलाफ 12 नवम्बर 2014 को अनुपातहीन सम्पति का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। लोकायुक्त टीम द्वारा आरोपी के उमरिया एवं जबलपुर स्थित आवास एवं बैंक लाकरों की तलाशी की कार्रवाई की गई।
आरोपी के आवास में प्राप्त समानों की इन्वेंट्री बनाई गई एवं आवास व बैंक लॉकर में प्राप्त आभूषण की जब्ती बनाई गई।
सम्पूर्ण विवेचना में आरोपी के द्वारा चेक पीरियड, सेवाकाल आरम्भ 05.12.1977 से लेकर छापा 13.11.2014 तक आरोपी के द्वारा वैध स्रोतों से कुल 71,73,107 रुपये की आय अर्जित किया जाना पाया गया। वही, आरोपी द्वारा उक्त अवधि में 1,45,26,384 रुपये व्यय किया जाना पाया गया। लोकायुक्त ने आरोपी की 73,53,277 रुपये की अनुपातहीन सम्पति पाई, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ अभियोग पत्र विशेष न्यायालय लोकायुक्त जबलपुर के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
न्यायालय में साक्ष्य के दौरान अभियोजन की ओर से 46 और आरोपी की ओर से अपने बचाव में 43 साक्षियों का परीक्षण कराया गया। लोकायुक्त के विशेष लोक अभियोजक प्रशांत शुक्ला द्वारा दलील दी गई कि अभियोजन के द्वारा आरोपी के खिलाफ अभियोजन मामले को प्रमाणित किया गया है।
न्यायालय में अभियोजन द्वारा प्रस्तुत साक्ष्य से आरोपी के द्वारा चेक पीरियड में कुल 75,42,665.40 रुपये वैध स्रोतों से आय अर्जित किया जाना एवं उक्त अवधि में 1,42,78,392.24 रुपये व्यय किया जाना पाया। साथ ही 67,35,734.84 रुपये की अनुपातहीन सम्पति अर्जित किया जाना पाया जो आरोपी की वैध आय से 89 प्रतिशत अधिक पाई गई।
आरोपी को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1) ई , 13(2) में 4 वर्ष के कारावास व 60 लाख रुपये जुर्माने से दंडित किया गया।

 

Next Post

नौतपा में यात्रियों की प्यास बुझा रहा है गायत्री परिवार

जबलपुर। नौतपा की भीषण गर्मी में रेल यात्रियों के लिए शीतल पेय जल पिलाने की व्यवस्था गायत्री परिवार द्वारा प्लेटफार्म नंबर एक पर लगातार की जा रही है। गायत्री परिवार के कार्यकर्ता दिनभर इस कार्य में पूरे जोश के साथ यात्रियों को शीतल जल पिला रहे हैं। इस भीषण गर्मी […]