कलेक्ट्रेट परिसर में भिड़े पुलिस और कांग्रेसी, पानी की बौछारों से कार्यकर्ताओं को हटाया

DR. SUMIT SENDRAM

इंदौर। महानगर में लगातार बढ़ते अपराध, नशाखोरी और शहर की अव्यवस्थित प्लानिंग को लेकर कांग्रेस और यूथ कांग्रेस ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय पर उग्र प्रदर्शन किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस को बैरिकेडिंग करनी पड़ी, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
प्रदर्शन के दौरान जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में घुसने का प्रयास किया, तो उनकी पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और झड़प हुई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बैरिकेड्स लगाए थे, लेकिन कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं हुआ।
भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस प्रशासन को वाटर कैनन का सहारा लेना पड़ा और कार्यकर्ताओं पर पानी की तेज बौछारें छोड़ी गई।
इंदौर शहर यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अमित पटेल ने मीडिया से चर्चा में बताया कि यह प्रदर्शन शहर में बेलगाम होते अपराध, भ्रष्टाचार और युवाओं में बढ़ती नशाखोरी के खिलाफ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल साबित हो रहा है और आम जनता की कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। नेताओं का कहना था कि सरकार का जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं रह गया है।
कांग्रेस नेताओं ने शहर में चल रहे विकास कार्यों और मेट्रो प्रोजेक्ट की प्लानिंग पर भी सवाल उठाए।
उनका कहना था कि अनियोजित तरीके से चल रहे मेट्रो के काम ने पूरे शहर की व्यवस्था बिगाड़ दी है। इसके अलावा जगह-जगह हो रही तोड़फोड़ से लोग परेशान हैं और शहर अस्त-व्यस्त हो चुका है। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

 

Next Post

खजुराहो में प्रदेश के विकास पर मंथन करने जुटी सरकार, मुख्यमंत्री कर रहे विभागों की समीक्षा

छतरपुर। जिले के खजुराहो के महाराजा छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर में पहली बार मोहन सरकार की कैबिनेट बैठक हो है। मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों के साथ आज विभागों की समीक्षा करने के साथ मध्य प्रदेश के विकास को लेकर मंथन कर रहे हैं। ऐसा पहला अवसर है कि बुंदेलखंड में मोहन सरकार […]