इंदौर। कांवड़ यात्रा मार्ग की दुकानों पर संचालक का नाम लिखे जाने का मुद्दा उत्तर प्रदेश से अब मध्य प्रदेश पहुंच गया है।
इंदौर से भाजपा विधायक रमेश मेंदोला ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर पूरे मध्य प्रदेश में यही व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे अपने पत्र में रमेश मेंदोला ने उल्लेख किया कि मध्य प्रदेश में भी हर दुकान के सामने दुकानदार का नाम लिखे जाने का नियम बनने और आदेश जारी करने का अनुरोध है, ताकि हर दुकानदार नाम के गौरव की अनुभूति कर सके।
विधायक रमेश मेंदोला ने बताया कि किसी भी व्यक्ति का नाम उसकी पहचान होता है। व्यक्ति को अपने नाम पर गर्व होता है। नाम पूछना ग्राहक का अधिकार है और दुकानदार को अपना नाम बताने में गर्व होना चाहिए, शर्म नहीं।
मध्य प्रदेश के हर छोटे बड़े व्यापारी, कारोबारी और दुकानदार को अपना नाम बताने में गौरव के इस भाव की अनुभूति हो सके इसलिए यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी को पत्र लिखकर मध्यप्रदेश में हर दुकान के सामने दुकानदार का नाम लिखने का आदेश देने का आग्रह किया है।
ऐसा करने से समाज में दुकानदार की पहचान स्थापित होगी और सभी दुकानदार अपना नाम और गुडविल बढ़ाने के लिए ग्राहकों को बेहतर सेवा देने के प्रयास करेंगे, इससे व्यापार जगत में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होगी और प्रदेश का विकास और अधिक तीव्र गति से होगा।


