कोदो की रोटी खाने से एक ही परिवार के आठ लोग हुए बीमार, प्रशासन ने विषाक्तता मामले की शुरू की जाँच

कटनी। जिले के बहोरीबंद तहसील क्षेत्र अंतर्गत बरही गांव में कोदो की रोटी खाने से एक ही परिवार के आठ लोग बीमार हो गए। जिनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत में सुधार है। गौरतलब है कि जिले में इससे पहले भी दो बार ऐसी ही घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
जानकारी के मुताबिक बहोरीबंद क्षेत्र के बरही गांव निवासी श्याम सुंदर पटेल के परिवार के सदस्यों ने घर में सुबह नाश्ते में कोदो से बनी रोटी और सब्जी खाई। सभी सदस्य अपने काम में लग गए और कुछ ही देर बाद सभी की हालत बिगड़ने लगी। उनको उल्टी होने लगी और चक्कर आने लगे।
सभी की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने एंबुलेंस 108 को फोन किया और सभी को लेकर बहोरीबंद सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। जहां से हालत में सुधार न होने पर प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां पर उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा।
बीमार होने वालों में परिवार की लक्ष्मी बाई पटेल (65), अनसुईया बाई पटेल (30), सूरज प्रसाद पटेल (42), शैलेंद्र पटेल (20) सहित चार से आठ साल के चार बच्चे शामिल है।
बता दें केंद्र सरकार द्वारा किसानों को इसकी खेती करने को प्रोत्साहित किया जा रहा है। कोदो, जिसे कोदरा भी कहा जाता है, एक पोषणयुक्त मोटा अनाज है। इसमें प्रोटीन, विटामिन बी, मिनरल्स और फाइबर प्रचुर मात्रा में होते हैं। कोदो मिलेट्स को श्रीअन्न में शामिल किया गया है।
मध्य प्रदेश के खंडवा, डिण्डौरी, मण्डला, सिवनी एवं जबलपुर जिलों में इसकी खेती प्रमुखता से होती है। वही, किसानों को एमएसपी पर उपज खरीदकर प्रोत्साहित किया जा रहा है।

 

Next Post

परसेल में टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट "लकी कप" का किया गया आयोजन, भीमा इलेवन ने लकी कप की ट्रॉफी पर किया कब्जा

मंडला। जिले के मवई विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत परसेल में 15 दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट “लकी कप 2024-2025” का आयोजन संपन्न हुआ। इस टूर्नामेंट में आस पास के क्षेत्रो की 32 क्रिकेट टीमों ने हिस्सा लिया। 15 दिन तक चले लकी कप क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच भीमा इलेवन […]