इंदौर। शहर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में होम्योपैथिक चिकित्साक डॉ. सुनील साहू की हत्या करवाने वाले वकील संतोष शर्मा ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। आरोपी की घटना के बाद से ही तलाश की जा रही थी, लेकिन वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।
आरोपी संतोष ने डॉक्टर की पत्नी के साथ संबंध होने के चलते डॉक्टर की हत्या की थी।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज में संतोष की गाड़ी नजर आई थी।
जानकारी के मुताबिक संतोष और डॉक्टर की पत्नी के बीच तीन वर्ष से संबंध है। डॉ. सुनील साहू और उनकी पत्नी सोनाली के बीच इस बात को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। पत्नी ने संतोष के साथ मिलकर ठान लिया था कि डॉक्टर की हत्या करना है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार दोपहर 12.30 बजे आरोपी संतोष ने जिला कोर्ट में सरेंडर किया। अब तक पत्नी सोनाली, वकील मनोज सुमन निवासी उज्जैन, वेटरनरी डाक्टर प्रकाश यादव निवासी अलीगढ़, शूटर संग्राम सिंह गिरफ्तार हो चुके हैं।
घटना में शूटर हुल्ला उर्फ हुल्लन फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि डॉक्टर की गोली मारकर हत्या करने के मामले में आरोपी मनोज की तकनीकी रूप से मदद कर रहा था। वह पुलिस को गुमराह करने के लिए संतोष के मोबाइल को उज्जैन में ही चला रहा था। उज्जैन में अलग-अलग लोकेशन पर उसके द्वारा कई बार मोबाइल चालू किया गया था, ताकि पुलिस को लगे कि संतोष उज्जैन में ही है।

