छिंदवाड़ा। जिले के खुनाझिर खुर्द गांव में निर्माणाधीन कुआं धंस गया। इससे मलबे में मां-बेटे समेत 6 लोग दब गए। तीन तो किसी तरह बाहर निकल गए। बाकी अंदर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
मंगलवार दोपहर में खुनाझिर खुर्द गांव में ऐशराव वस्त्राणे के खेत में खुदाई का काम चल रहा था। राजस्थान और भोपाल की टीम को ठेका दिया था। यहां रायसेन और बुदनी से मजदूर काम करने आए थे।
पुलिस ने बताया कि मजदूर 30 फीट की गहराई में फंसे हैं। एक मजदूर का कमर तक का हिस्सा दिखाई दे रहा है। दूसरे का सिर और महिला सबसे नीचे पत्थरों के बीच फंसी हुई है। रेस्क्यू टीम उन्हें सुरक्षित निकालने की कोशिश में जुटी हुई है।
कलेक्टर शीलेंद्र सिंह ने बताया कि कुएं के गहरीकरण के दौरान मलबा गिरने से तीन लोग दब गए। तीनों के सिर मलबे के ऊपर है। रेस्क्यू टीम धीरे-धीरे मलबा हटा रही है। मौके पर एंबुलेंस और ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ डॉक्टरों की टीम मौजूद हैं। उन्हें जल्द निकाल लिया जाएगा।

