गुना। जिले के राघौगढ़ थानाक्षेत्र अंतर्गत जेपी यूनिवर्सिटी के छात्र ने शुक्रवार तड़के हास्टल की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि छात्र ऑनलाइन लेनदेन में धोखाधड़ी का शिकार हुआ था, जिसके चलते कदम उठाया।
छात्र के लैपटॉप से मिले सुसाइड नोट में भी दोस्त से उधार लिए पैसे न लौटा पाने का जिक्र है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ओरैया उत्तरप्रदेश का रहने वाला वैभव पिता मनोज वर्मा मध्यप्रदेश के गुना जिला स्थित जेपी यूनिवर्सिटी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नाेलाजी राघौगढ़ से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। वह बी-टेक (कंप्यूटर साइंस) द्वितीय वर्ष का छात्र था।
सुबह करीब पांच बजे उसने छात्रावास की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना मिलते ही कैंपस में हड़कंप मच गया।
प्रबंधन ने तत्काल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। साथ ही मृतक छात्र के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

