आईपीएल सट्टेबाज को पुलिस ने किया गिरफ्तार, मास्टर आईडी सहित लाखों का मिला हिसाब

छिंदवाड़ा। विगत 22 मार्च से आईपीएल प्रारंभ हो गया है। वहीं, आईपीएल मैच के प्रारंभ होने के साथ सट्टेबाज भी पूरी तरह से सक्रिय हो गए हैं।
वही, छिंदवाड़ा पुलिस ने कमर कसते हुए आईपीएल सट्टेबाजी का भंडाफोड़ कर यश गुप्ता को गिरफ्तार किया, जो मास्टर आईडी के जरिए सट्टा संचालित कर रहा था।
पुलिस छापेमारी कार्रवाई में मोबाइल, नगदी और ऑनलाइन लेन-देन के सबूत मिले। फिलहाल मुख्य आरोपी सौरभ प्रेमचंदानी फरार है। पुलिस ने सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही।
जानकारी के मुताबिक आईपीएल सट्टेबाजी का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए एक सट्टेबाज को गिरफ्तार किया है।
25 मार्च 2025 की रात को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि छापाखाना निवासी यश गुप्ता (26 वर्ष) अपने मोबाइल से आईपीएल क्रिकेट सट्टे की मास्टर आईडी के जरिए लोगों को सट्टा खिला रहा है और अवैध रूप से धन अर्जित कर रहा है।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक बृजेश रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कार्रवाई को अंजाम दिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आईफोन 13 प्रो (ब्लू रंग), पांच हजार रुपये नगद और लाखों रुपये का ऑनलाइन हिसाब-किताब बरामद किया। जब्त मोबाइल की जांच मे क्रिकेट सट्टे की गतिविधियां मिलीं। इसके अलावा, क्रिकबज ऐप पर लाइव सट्टे के भाव और फोनपे के माध्यम से लेन-देन के रिकॉर्ड भी पाए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे यह मास्टर आईडी सौरभ प्रेमचंदानी (निवासी सिवनी) द्वारा 3% कमीशन पर दी गई थी।
पुलिस ने आरोपी यश गुप्ता के खिलाफ मध्य प्रदेश पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की धारा 4(क) और धारा 49 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, मुख्य आरोपी सौरभ प्रेमचंदानी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

 

Next Post

किसान की झोपड़ी में लगी आग, हवा से और भड़की लपटों से मिनटों में सबकुछ हुआ खाक

दमोह। जिले के हटा तहसील अंतर्गत मड़ियादो थाना क्षेत्र के निवास गांव में बुधवार सुबह दस बजे एक किसान के कच्चे घर में आग लग गई। आग की लपटें उठते देख ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन जब तक आग बुझ पाती किसान का लाखों रुपए का नुकसान […]