डिंडोरी। जिले के शहपुरा थाना प्रांगण में पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह द्वारा जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जनसंवाद कार्यक्रम में पुलिस कप्तान वाहिनी सिंह ने क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद स्थापित कर कानूनी, सामाजिक एवं भौगोलिक समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।
वही, पुलिस अधीक्षक ने शहपुरा थाना प्रभारी एवं बिछिया चौकी प्रभारी को अवैध गतिविधियों, मादक पदार्थों की बिक्री, आदतन अपराधियों और बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह ने पुलिसकर्मियों को भी निर्देशित किया कि वे थाने आने वाले पीड़ितों की समस्याओं को संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनें और समयबद्ध कानूनी कार्यवाही करें।
क्षेत्रीय नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक के इस पहल की सराहना की और ग्राम स्तर पर भी ऐसे संवाद आयोजित करने का आग्रह किया।
जन संवाद में महिला एवं बाल सुरक्षा, घरेलू हिंसा, बाढ़ नियंत्रण, आपातकालीन तैयारी, यातायात नियमों का पालन एवं नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। साथ ही नए कानूनों के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की गई।
यह जन संवाद न केवल प्रशासनिक सरोकार का उदाहरण रहा, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग की नई मिसाल बना।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान एसडीएम (शहपुरा) ऐश्वर्य वर्मा, एसडीओपी (शहपुरा) मुकेश अबिंद्रा, शहपुरा थाना प्रभारी अनुराग जामदार, बिछिया चौकी प्रभारी राजेश धर दुबे, क्षेत्रीय सरपंच, पार्षद, ग्राम रक्षा समिति के सदस्य, कोटवार, जनप्रतिनिधियों सहित शहपुरा नगर तथा ग्रामीण अंचलों से आए गणमान्य एवं वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।


