इंदौर। नाबालिग बालिका और महिला से दुष्कर्म के प्रकरण में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा आसाराम इंदौर के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में शनिवार को दिखा। वह रेगुलर मेडिकल चेकअप के लिए अस्पताल पहुंचा था और करीब आधे घंटे तक वहां मौजूद रहा। इस दौरान उसकी ईको और हार्ट से संबंधित अन्य जांचें की गई। आसाराम के अस्पताल पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में उसके अनुयायी भी वहां पहुंच गए।
बता दे कि इससे पहले वह 19 फरवरी को भी नियमित जांच के लिए इसी अस्पताल आया था।
गौरतलब है कि राजस्थान हाईकोर्ट की डबल बेंच ने आसाराम की जमानत अवधि 12 अगस्त तक बढ़ा दी है। कोर्ट ने यह फैसला उसकी खराब सेहत और इलाज की आवश्यकता को देखते हुए दिया है। इसके चलते वह पहली बार गुरु पूर्णिमा के मौके पर जेल से बाहर रहा।
सूत्रों के अनुसार इस दौरान अस्पताल में उसकी पैथोलॉजिकल और क्लिनिकल जांचें भी की गई, ताकि इलाज की आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
आसाराम अस्पताल व्हीलचेयर पर बैठकर पहुंचा।
जांच के दौरान अस्पताल के उस फ्लोर पर बाहरी लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी। उसकी सुरक्षा और अस्पताल में अन्य व्यवस्थाएं उसके ही आश्रम के वॉलंटियर्स द्वारा संभाली गई। अस्पताल में पुलिस बल की कोई तैनाती नहीं थी, लेकिन अनुयायियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती गई।
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि डॉक्टरों ने प्रारंभिक परीक्षण के बाद कुछ जरूरी जांचें लिखी हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इलाज की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अस्पताल के अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल स्थिति सामान्य है और सभी प्रक्रियाएं नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं।


