डिण्डौरी। आजादी के अमृत महोत्सव एवं हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत डिंडोरी जिले के मेंहदवानी विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनेरी, शासकीय माध्यमिक शाला एवं शासकीय प्राथमिक शाला कनेरी के विद्यार्थियों के द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
यात्रा में हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं
क्षेत्रीय ग्रामीण देशभक्ति के जोश के साथ शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनेरी से निकल कर ग्राम कनेरी के बाजार होते हुए वापस विद्यालय पहुंचकर समाप्त हुई।
तिरंगा यात्रा के दौरान बच्चों ने भारत माता के जयकारे लगाए और देशभक्ति नारों और गीतों पर कदम से कदम मिलाया।
इस दौरान शहपुरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ओम प्रकाश धुर्वे, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनेरी के प्राचार्य पूरन लाल साहू सहित राकेश कुमार साहू, सुधा यादव, केशराज उइके, लखन अंधबात, प्रेम सिंह धुर्वे, धरम सिंह आर्मो, हरियारो मरकाम एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
विद्यालय के प्राचार्य पूरन लाल साहू ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और हर घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रगान व मध्यप्रदेश गान गाकर भारत की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।


