ग्वालियर। इंटरव्यू में चयन के बदले एक रात साथ बिताने का दबाव बनाने वाले अधिकारी को ग्वालियर पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी अधिकारी का जलूस शहर के बीच से निकाला, इस दौरान आरोपी अधिकारी अपना सर झुकाये हुए रहा।
जानकारी के मुताबिक आरोपी अधिकारी बीज विकास निगम में नौकरी के लिए इंटरव्यू देने पहुंचीं तीन छात्राओं से एक रात साथ बिताने की मांग की थी।
शिकायत के बाद आरोपी अधिकारी को बर्खास्त कर दिया गया है। उसे मध्यप्रदेश बीज निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल ने शोकॉज नोटिस भी दिया है।
बीज विकास निगम के इंटरव्यू पैनल में शामिल प्रोडक्शन असिस्टेंट संजीव कुमार तंतुवाय ने तीन छात्राओं को वॉट्सएप मैसेज कर अनैतिक मांग की थी। आरोपी ने वॉट्सएप मैसेज में साफ लिखा- जॉब चाहिए तो एक रात देनी पड़ेगी।
एक छात्रा की 8 जनवरी को शिकायत मिलने पर ग्वालियर क्राइम ब्रांच ने आरोपी संजीव कुमार पर मामला दर्ज कर मोबाइल जब्त कर लिया है।
आरोपी ने क्राइम ब्रांच के सामने अपनी गलती कबूल कर ली है।
उप पुलिस अधीक्षक (अपराध शाखा) शियाज केएम ने बताया कि बीज विकास निगम में संविदा भर्ती के लिए 3 जनवरी को कृषि विश्वविद्यालय में इंटरव्यू रखे गए थे।
इसमें पीड़ित छात्रा सहित कई प्रतिभागी इंटरव्यू देने आए थे। इंटरव्यू पैनल में भोपाल से आया आरोपी संजीव कुमार भी शामिल था। इंटरव्यू के कुछ घंटे बाद छात्रा को आरोपी ने कॉल किया और बात करने के बाद फोन कट कर दिया। फिर वॉट्सएप से मैसेज कर यह गंदी मांग उसके सामने रखी।
शिकायतकर्ता ने क्राइम ब्रांच को बताया कि आरोपी ने ठीक ऐसे ही मैसेज उसकी दो बैचमेट को भी भेजे थे।

