बरगांव में भूमिपूजन–लोकार्पण कार्यक्रम में महिला जनप्रतिनिधि की उपेक्षा का आरोप, शिलालेख में नाम न होने पर जनपद सदस्य कीर्ति साहू ने जताई नाराज़गी

DR. SUMIT SENDRAM

डिण्डौरी(शहपुरा)। जिले के शहपुरा जनपद पंचायत अंतर्गत बरगांव ग्राम पंचायत में आयोजित विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रम में निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि, जनपद सदस्य कीर्ति साहू को उपेक्षित किए जाने का मामला सामने आया है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश धुर्वे सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए शिलालेख में जनपद सदस्य का नाम तक शामिल नहीं किया गया, जिसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
जनपद सदस्य कीर्ति साहू ने इस पूरे घटनाक्रम को महिला जनप्रतिनिधि के सम्मान से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि “क्या भारतीय जनता पार्टी की सरकार महिलाओं का सम्मान इसी तरह करती है? विधायक और भाजपा नेता भूमिपूजन करने आए, शिलालेख में सभी नेताओं का नाम है, लेकिन मैं इस क्षेत्र की निर्वाचित जनप्रतिनिधि हूँ। फिर भी मेरा नाम नहीं जोड़ा गया। यह सार्वजनिक मंच पर एक महिला प्रतिनिधि का स्पष्ट अपमान है।”
उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों में जनपद सदस्य की भी भूमिका महत्वपूर्ण होती है। इसके बावजूद मंच और शिलालेख से उनका नाम गायब रहना न केवल लोकतांत्रिक शिष्टाचार के विपरीत है, बल्कि महिला नेतृत्व की अनदेखी का भी संकेत है।
स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस पर असंतोष जताया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब कोई महिला जनप्रतिनिधि जनता का बहुमत लेकर चुनी गई है, तो उसका सम्मान और प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाना चाहिए। जनता के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि सार्वजनिक कार्यों में निर्वाचित प्रतिनिधियों को दरकिनार करने की प्रवृत्ति क्यों बढ़ रही है।
उधर, संबंधित विभाग और आयोजक पक्ष की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
हालाँकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाएँ भविष्य में राजनीतिक शिष्टाचार और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय को प्रभावित कर सकती हैं।
बरगांव का यह मामला अब जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और महिला जनप्रतिनिधियों की भागीदारी तथा सम्मान को लेकर नए सवाल खड़े कर रहा है।

 

Next Post

1.60 करोड़ की ऑनलाइन ठगी में पंजाब व गुजरात से दो आरोपी गिरफ्तार, डिजिटल अरेस्ट कर महिला उद्यमी के साथ की गई थी धोखाधड़ी

इंदौर। महिला उद्यमी से हुई एक करोड़ 60 लाख रुपये की ठगी में क्राइम ब्रांच ने पंजाब एवं गुजरात में छापेमारी कर दो युवकों को पकड़ा है। आरोपियों ने ठगी करने वाले गिरोह को फर्जी नाम से खरीदे सिमकार्ड की सप्लाई करना स्वीकारा है। ठगों का हेड क्वार्टर लाओस में […]