श्योपुर। रविवार को जिले के ओछापुरा थाना क्षेत्र के मोरेका गांव के पास अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और प्रशासन की टीम पर अतिक्रमणकारियों ने हमला कर दिया। पथराव में तीन सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कई वनकर्मी घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि हमलावरो ने वन विभाग की टीम पर न केवल पथराव किया, बल्कि दौड़ा-दौड़ाकर लाठियों से पीटा। अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बता दे कि मामला मोरेका गांव के समीप के जंगल का है, जहां आरोपियों ने हजारों बीघा वन भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा था। वर्षों से जंगल काटकर खेती की जा रही थी। इसकी शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके बाद वन विभाग ने प्रशासन के साथ मिलकर रविवार सुबह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। जैसे ही टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की, वैसे ही दर्जनों लोगों ने टीम पर हमला कर दिया। हमलावरों के पास पत्थर, डंडे आदि थे। उन्होंने न केवल विरोध किया, बल्कि वन विभाग के कर्मचारियों को घेरकर मारपीट की।
हमले में वन विभाग के कई कर्मचारी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा।


