मुंबई। बॉलीवुड के जानेमाने हास्य अभिनेता सतीश शाह का 74 वर्ष की आयु में शनिवार दोपहर निधन हो गया। वह किडनी से जुड़ी समस्या से जूझ रहे थे।
रविवार सुबह उनका पार्थिव शरीर हिंदुजा हॉस्पिटल से उनके घर लाया गया। जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले (वेस्ट) स्थित पवन हंस श्मशान भूमि में हुआ।
सतीश शाह के अंतिम संस्कार में हिंदी फिल्म उद्योग के कई दिग्गज शामिल हुए।
वही, टीवी शो साराभाई वर्सेस साराभाई में उनके ऑनस्क्रीन बेटे रोसेश का किरदार निभाने वाले राजेश कुमार और अशोक पंडित ने उन्हें कंधा दिया।
अभिनेता सतीश शाह के अंतिम विदाई के दौरान उनके दोस्त और साथी कलाकार काफी भावुक नजर आए, जिनमें रुपाली गांगुली, रत्ना पाठक शाह जैसे दिग्गज नाम शामिल रहे।
अंतिम संस्कार के दौरान पवन हंस श्मशान परिसर में जैकी श्रॉफ, नसीरुद्दीन शाह, टीकू तलसानिया, नील नितिन मुकेश, अली असगर, फराह खान, कुणाल कोहली, दिलीप जोशी, सुमित राघवन आदि फिल्मी हस्ती पहुंचे।
सतीश शाह के मैनेजर रमेश कदातला ने बताया कि बीते दिन (शनिवार ) दोपहर करीब 2 बजे लंच के समय पहला निवाला लेते ही वो बेहोश हो गए। आधे घंटे बाद घर में एम्बुलेंस पहुंची और अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सतीश शाह के निधन पर दुख जताते सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि” सतीश शाह जी के निधन से अत्यंत दुखी हूं। वो भारतीय मनोरंजन जगत के एक सच्चे दिग्गज के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे। उनकी सहज हास्य प्रतिभा और यादगार अभिनय ने अनगिनत लोगों के जीवन में मुस्कान बिखेरीं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।”


