भोपाल। नर्सिंग घोटाले का विरोध धीरे धीरे बढ़ने लगा है और आरोपियों की सजा दिलाने की मांग उठने लगी है।
रविवार को युवा कांग्रेस ने नर्सिंग घोटला के विरोध में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग के 74 बंगले स्थित निवास का घेराव करने न्यू मार्केट के पेट्रोल पंप तिराहे से निकले। पुलिस ने बैरिकेडि्ग करके कांग्रेसियों को रोक लिया। नाराज कांग्रेसी सड़क पर ही प्रदर्शन करने बैठ गए। भाजपा सरकार व नर्सिंग घोटाले के समय चिकित्सा शिक्षा मंत्री रहे विश्वास सारंग को मंत्री पद से हटाने की मांग करते रहे। कांग्रेसियों व पुलिस की बहस भी हुई। पुलिस की समझाइश के बाद भी कांग्रेसी नहीं माने तो पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग करके कांग्रेसियों को खदेड़ना शुरू कर दिया।
पुलिस ने 50 कांग्रेसियों को गिरफ्तार भी किया।
इस दौरान कांग्रेसी भाजपा सरकार और मंत्री सारंग के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। उनके इस्तीफे की मांग करते रहे।
युवा कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने कहा कि नर्सिंग घोटाले में तत्कालीन चिकित्सा मंत्री विश्वास सारंग समेत भाजपा नेताओं के बड़े नाम शामिल हैं। अधिकारियों के साथ मिलकर बड़ा घोटाला हुआ है। भाजपा सरकार सभी को बचाने में लगी हुई है। विरोध किया तो पुलिस ने वाटर कैनन चला दी। साथ ही हल्का बल प्रयोग कर गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के जिलाध्यक्ष आकाश चौहान ने कहा कि शांति पूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिससे कई कार्यकर्ता चोटिल हो गए।
इधर, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह ने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारियां नहीं हो जाती हैं, तब तक प्रदेश में कहीं न कहीं युवा कांग्रेस नर्सिंग घोटाले का विरोध प्रदर्शन करती रहेगी।


