दरवाजा खोलकर सो रहे युवक के चारपाई के नीचे घुस आया मगरमच्छ, वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को रेस्क्यू कर चंबल नदी में छोड़ा

भिंड। जिल के मौ कस्बे के पास रूपाबाई के पुरा के हार से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है।
यहां खेत में बने एक ट्यूबवेल के कमरे में प्रहलाद सिंह नशे की हालत में सोने के लिए गया था। गर्मी होने की वजह से उसने कमरे का दरवाजा खुला छोड़ दिया था। इसी दौरान रात में एक मगरमच्छ उसके कमरे में घुस गया और चारपाई के नीचे जाकर बैठ गया। रात करीब 2 बजे प्रहलाद को सर्दी लगी, तो उसने कंबल को हाथ से तलाशा। इस दौरान उसका हाथ मगरमच्छ की पीठ पर पड़ा। कुछ अजीब लगने पर उसने चारपाई के नीचे झांक कर देखा तो उसके होश उड़ गए।
नीचे मगरमच्छ को देखकर प्रहलाद का सारा नशा और नींद उड़ गई। चारपाई के नीचे साक्षात मौत को देखकर उसकी चीख निकल गई और वह तेजी से जान बचाने के लिए कमरे से बाहर भाग खड़ा हुआ। कमरे से बाहर निकलते ही उसने दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।
जिसके बाद प्रहलाद सिंह सीधे गांव पहुंचा और घर वालों को इस पूरे मामले से अवगत कराया।
सुबह के समय गांव वाले खेत पर पहुंचे, तो उन्होंने मगरमच्छ को कमरे में बंद देखा। इसके बाद गांव वालों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। एफआरबी मौके पर पहुंची। इसके बाद वन विभाग के कर्मचारियों को मामले की जानकारी लगी।
सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
मौ वन वृत्त के परिक्षेत्र सहायक मनभावन सिंह ने बताया कि मगरमच्छ को पकड़ने के लिए रेस्क्यू दल भिंड से बुलाया गया। सुबह करीब 9 बजे रेस्क्यू दल मौके पर पहुंचा। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने मगरमच्छ को काबू में कर लिया। इसके बाद उसे चंबल नदी में छोड़ दिया गया।

 

Next Post

घायल फरियादी थाने गया, नहीं लिखी गई रिपोर्ट, अस्पताल में मौत, एसआई सहित तीन पुलिसकर्मी निलंबित

सिहोर। जिले के जावर थाने में पदस्थ तीन पुलिसकर्मियों को कर्तव्य पालन में लापरवाही बरतने के मामले में निलंबित कर दिया गया है। बताया गया है कि गुरुवार की रात जमीन विवाद के मामले में मारपीट के शिकार कुछ लोग रिपोर्ट लिखाने पहुंचे थे, लेकिन उनकी सुनवाई जावर थाने में […]