चार बच्‍चों के साथ कुएं में कूदी मां, चारों की मौत, म‍हिला को बचाया गया

DR. SUMIT SENDRAM

मंदसौर। पति से झगड़े के बाद एक महिला अपने चार बच्‍चों के साथ कुएं में कूद गई। इस घटना में चार बच्‍चों की मौत हो गई। घटना रविवार सुबह करीब 6 बजे हुई।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह घटना गरोठ इलाके के पीपलखेड़ा गांव में हुई। लोगों से पूछताछ में यह पता चला है कि महिला का अपने पति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद महिला ने कुएं में छलांग लगा दी। महिला ने अपनी 2 बालिकाओं और 2 बालक के साथ कुएं में छलांग लगाई। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बताया जाता है कि शनिवार रात पति ने जब महिला से मारपीट की तो महिला अपने बच्‍चों को लेकर आंगनवाड़ी केंद्र चली गई थी। रात भर आंगनवाड़ी में रहने के बाद महिला सुबह बच्‍चों के साथ खेत पर बने कुएं में कूद गई।
गरोठ एएसपी हेमलता कुरील ने बताया कि जैसे ही महिला के बच्‍चों के साथ कुएं में कूदने की जानकारी मिली तो बड़ी संख्‍या में लोग मौके पर जमा हो गए। इसके बाद कुछ लोगों ने महिला को तो कुएं से सकुशल निकाल लिया, लेकिन वे बच्‍चों को नहीं निकाल पाए। पता चला है कि तीन लड़‍कियों और एक लड़के की पानी में डूबने से मौत हो गई। बच्‍चों के शवों को पोस्‍टमार्टम के लिए गरोठ के अस्‍पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार महिला का नाम सुगनबाई पति रोडू सिंग बंजारा (40) निवासी सुगनखेड़ा है।
बच्‍चों के नाम बंटी उम्र 9 वर्ष, अनुष्‍का 7 वर्ष, मुस्‍कान 4 वर्ष और कार्तिक 2 वर्ष पता चले हैं।
गरोठ एएसपी हेमलता कुरील ने बताया कि ग्राम पीपलखेड़ा निवासी महिला शादी के बाद ही अपने पति से प्रताड़ित थी। पति कंबल बेचने बाहर जाता था और घर आने पर पति-पत्‍नी के बीच झगड़ा होता रहता था। शनिवार को भी पति कंबल बेचकर बाहर से आया था और पत्नी के साथ मारपीट की थी।

 

Next Post

दो ट्रकों की आमने सामने भिड़ंत, जिंदा जला ट्रक ड्राइवर

जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र के जबलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर दो ट्रक आपस में भिड़ गए। तेज धमाके के साथ ट्रकों में आग लग गई। एक ट्रक का ड्राइवर जिंदा जल गया। दूसरे ट्रक के ड्राइवर को वहां मौजूद लोगों ने बाहर निकाल लिया। उसे गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज […]