इंदौर। शहर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के शिव सागर कॉलोनी से शनिवार को लापता हुई 6 वर्षीय मासूम लक्षिका का शव सोमवार सुबह नाले में मिला है। मानसिक रूप से कमजोर बच्ची घर के आंगन से गायब हो गई थी। पुलिस ने अपहरण का प्रकरण दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की थी। पुलिस झाड़ियों और नाली में सर्चिंग करवा करवा रही थी कि इसी दौरान बच्ची का शव बरामद हुआ।
जानकारी के मुताबिक सुरेंद्रनगर (गुजरात) निवासी जीवन छह वर्षीय बेटी के साथ माता-पिता से मिलने आए थे। शनिवार को उनकी बेटी अचानक गायब हो गई थी।
एसीपी रूबीना मिजवानी के मुताबिक बच्ची मानसिक रूप से कमजोर थी। शनिवार को जीवन की पत्नी शालिनी ब्यूटी पार्लर चली गई थी। जीवन मैच देखने लग गए। चचेरा भाई ऋषि फोन पर व्यस्त हो गया और बच्ची खेलते-खेलते गायब हो गई। बच्ची के लापता होते ही कॉलोनी में हड़कंप मच गया।
एसीपी के मुताबिक पूरी कॉलोनी में सर्चिंग की गई। कॉलोनी के पास झाड़ियां और नाली भी है। रहवासी, परिजन और पुलिस ने सर्चिंग की लेकिन बच्ची नहीं मिली। जिसके बाद पुलिस ने एसडीआरएफ की भी मदद ली।

